Move to Jagran APP

आश्रम में खाने से बच्चों की हालत बिगड़ी

आगरा: सिकंदरा के रुनकता स्थित एक बाल आश्रम में मंगलवार रात को खाना खाने के बाद 19 बच्चों की हालत बिगड़ गई।

By JagranEdited By: Published: Wed, 06 Jun 2018 11:14 PM (IST)Updated: Wed, 06 Jun 2018 11:14 PM (IST)
आश्रम में खाने से बच्चों की हालत बिगड़ी
आश्रम में खाने से बच्चों की हालत बिगड़ी

जेएनएन, आगरा: सिकंदरा के रुनकता स्थित एक बाल आश्रम में मंगलवार रात को खाना खाने के बाद 19 बच्चों की हालत बिगड़ गई। आधी रात को उन्हें उल्टी-दस्त होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार शाम को मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम दौड़ पड़ी। एक दर्जन बच्चों की हालत में सुधार न होने पर उन्हें एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। अधिकारियों ने आश्रम में फूड प्वाइजनिंग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

prime article banner

रुनकता पुलिस चौकी के सामने दोमंजिला इमारत में दुर्गा बाल सेवा संस्थान आश्रम है। आश्रम की इमारत आगरा के एक डॉक्टर की बताई गई है। जिसे 11 महीने पहले आश्रम संचालिका इटावा की नेहा यादव ने लिया था। नेहा के मुताबिक आश्रम में गरीब, असहाय एवं अनाथ बच्चों को रखा जाता है। उनके खाने-पीने और शिक्षा की व्यवस्था आश्रम की ओर से की जाती है। वर्तमान में आश्रम में 50 बच्चे रह रहे हैं।

मंगलवार सुबह इन बच्चों के लिए आलू बैंगन की सब्जी और रात में अरहर की दाल बनाई थी। इसे खाने के बाद बच्चे गर्मी के चलते इमारत की छत पर सोने चले गए। आधी रात को 19 बच्चों को एक साथ उल्टी-दस्त शुरू होने से उनकी हालत बिगड़ गई। सभी को दिल्ली गेट स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह सात बच्चों को छुट्टी दे दी गई। जबकि 12 बच्चों की हालत में सुधार न होने पर उन्हें अस्पताल में रखा गया।

बुधवार शाम को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को आश्रम के बच्चों की हालत बिगड़ने का पता चला। मुख्य चिकित्साधिकारी मुकेश वत्स टीम के साथ आश्रम पहुंच गए। एसडीएम किरावली अनीता सिंह ने बच्चों से घटना की जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल से छुट्टी पाने वाले बच्चों का चेकअप किया। दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों को शाम को एसएन इमरजेंसी में शिफ्ट कराया। सीएमओ डॉ. वत्स ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग और गर्मी के चलते बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। भर्ती बच्चों की हालत में अब सुधार है।

जांच में दो बच्चे कुपोषण के शिकार पाए गए

आश्रम में रहने वाले दो बच्चे कुपोषण के शिकार पाए गए। अस्पताल से छुट्टी पा चुके बच्चों की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोबारा जांच की। इसमें दो वर्षीय केशव और तीन साल के मानवेंद्र को कुपोषण का शिकार पाया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एफएसडीए ने लिए मसालों के नमूने

खाद्य विभाग की टीम ने आश्रम में बनने वाले खाने में प्रयोग होने वाले मसालों आदि के नमूने लिए हैं। बच्चों को मंगलवार सुबह और रात में जो खाना दिया गया था। उसे भी चेक किया गया।

घुटन से भरे कमरों में रह रहे थे बच्चे

आश्रम में नौ कमरे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया कि कमरों में प्रकाश की उचित व्यवस्था नहीं थी। इससे बच्चे घुटन भरे कमरों में रह रहे थे।

बच्चों को दूसरे आश्रम मे भेजने पर विचार

एसडीएम किरावली ने बच्चों और आश्रम संचालिका से विस्तृत पूछताछ की। बच्चों को दूसरे आश्रम में शिफ्ट करने के बारे में विचार किया गया। इसके लिए लेखपाल को सिकंदरा के कैलाश मंदिर के पास यमुना किनारे स्थित आश्रम में भेज करजानकारी की गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.