नए साल में स्कूलों में मिलेंगी 115 छुट्टी
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जारी की विद्यालयों की अवकाश सूची सालभर में पड़ेंगे 33 अवकाश पांच रविवार को 235 होंगे कार्य दिवस
आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2020-21 की अवकाश सूची जारी कर दी है, जिसमें माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इस शैक्षिक सत्र में 33 अवकाश सहित रविवार और ग्रीष्मावकाश मिलाकर कुल 115 दिन की छुट्टी मिलेगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने इसे जारी किया। इसमें जनवरी, फरवरी और मार्च में तीन-तीन, अप्रैल में पांच, मई और जुलाई में एक-एक, अगस्त में चार, सितंबर में दो, अक्टूबर में चार, नवंबर में छह और दिसंबर में एक दिन का अवकाश रहेगा। बोर्ड परीक्षा दिवस 15 दिन के होंगे। कार्य व शिक्षण दिवस 235 होंगे। स्थानीय अवकाश होंगे अतिरिक्त :
मुस्लिम त्योहार चंद्र दर्शन अनुसार मनाएं जाएंगे। विवाहित महिला शिक्षकों को करवाचौथ का अवकाश मिलेगा। स्थानीय अवकाश जिलाधिकारी के आदेशानुसार देय होंगे। राष्ट्रीय पर्वों पर संस्थाओं में कार्यक्रम कराए जाएंगे। महापुरुषों, स्वाधीनता आंदोलन क्रांतिकारियों व प्रसिद्ध समाज सुधारकों के जन्मदिन पर गोष्ठी, सेमिनार कराए जाएंगे।
पांच छुट्टियां रविवार को :
पांच छुट्टियां रविवार के कारण प्रभावित होंगी और अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिलेगी। इसमें 28 मार्च को होलिका दहन, 25 अप्रैल को महावीर जयंती, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 22 अगस्त को रक्षाबंधन और 19 सितंबर को अनंत चतुर्दशी शामिल हैं। लगातार मिलेंगी छुट्टियां :
26 फरवरी को मो. हजरत अली का जन्म, 27 फरवरी को संत रविदास जयंती और 28 फरवरी को रविवार समेत तीन दिन विद्यालय बंद रहेंगे। दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और अगले दिन रविवार की छुट्टी रहेगी। वहीं 14 अक्टूबर को महानवमी, 15 अक्टूबर को दशहरा की छुट्टी मिलेगी। दीपावली पर तीन नवंबर को नरक चतुर्दशी, चार नवंबर को दीपावली, पांच नवंबर को गोवर्धन पूजा और छह नवंबर को भैया दूज, जबकि सात नवंबर को रविवार का अवकाश मिलेगा। वहीं 25 दिसंबर को क्रिसमस और 26 दिसंबर को रविवार की छुट्टी मिलेगी।