दूधिया रोशनी से जगमगाएगी कान्हा की नगरी, लगाई जा रहीं दस हजार एलईडी Agra News
सात वर्ष की वारंटी पर निजी फर्म लगा रही लाइट। अभी तक शहर के अधिकांश गलियों में छाया रहता था अंधेरा।
आगरा, जेएनएन। अब मथुरा शहर की हर गली-मुहल्ला रोशन होगा। कहीं भी अंधेरा नहीं रहेगा। शाम होते ही लाइट अपने आप जल जाएगी। सुबह रोशनी निकलने के साथ ही बंद हो जाएगी। नए व्यवस्था के तहत नगर निगम के हर एक वार्ड में 100 -100 एलईडी लाइट लगाई जा रही है। इसके अलावा प्रमुख चौराहा और मार्ग भी एलईडी से रोशन करने की तैयारी चल रही है।
नगर निगम के 70 वार्डों सहित दस हजार लाइट लगाने का काम चल रहा है। जिम्मेदारों का कहना है कि फरवरी के प्रथम सप्ताह तक पूरा शहर जगमग हो जाएगा। इसके लिए निजी कंपनी को टेंडर दिया गया है। वह सात साल की वारंटी पर लाइट लगाने का काम कर रही है। शहर के लोगों से अपील भी की गई है कि अगर कोई नई लाइट जलना बंद कर देती है, तो इसकी जानकारी नगर निगम को दर्ज कराए, जिससे वह समय रहते बदली जा सके। इतना ही नहीं इन सभी लाइटों में स्वीच लगाए जा रहे हैं, जो शाम होते ही अपने आप जल जाएगी। इसके अलावा सुबह रोशनी होने के साथ ही बंद हो जाएगी।
दीवारों पर लगाई जा रही है एलईडी
नगर निगम क्षेत्र में बहुत सी ऐसी जगह है, जहां पर पोल नहीं है, लेकिन लाइट की आवश्यकता है। ऐसे में नगर निगम की ओर से दीवरों पर ही लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। इससे शहर में अंधेरे की समस्या दूर होगी।
- 70 नगर निगम में हैं वार्ड
- 100 लाइन हर वार्ड में लगाने का चल रहा है कार्य
- 03 वर्ष नगर निगम का हुआ है गठन
अधिकांश पार्षदों की शिकायत रहती थी कि शहर में अंधेरा छाया रहता है। इसलिए शहर के सभी वार्डों में लाइट लगाने का काम चल रहा है। फरवरी माह में पूरा होने की उम्मीद है।
रविंद्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त