कौन है सर्वश्रेष्ठ: राफेल नडाल या रोजर फेडरर, दोनों के नाम 20 ग्रैंडस्लैम खिताब
स्पेनिश दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार को पेरिस में फ्रेंच ओपन पुरुष सिंगल्स का खिताब जीतने के साथ स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के 20 ग्रैंडस्लैम सिंगल्स खिताब जीतने की बराबरी की। इसके बाद से चर्चा जारी है कि नडाल जोकोविक और रोजर फेडरर में सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ी कौन है?
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। स्पेनिश दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार को पेरिस में फ्रेंच ओपन पुरुष सिंगल्स का खिताब जीतने के साथ स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के 20 ग्रैंडस्लैम सिंगल्स खिताब जीतने की बराबरी की। इसी के साथ अब दुनियाभर में चर्चा हो रही है कि बिग थ्री में राफा, जोकोविक और रोजर फेडरर में सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ी कौन है?
पिछले कुछ सालों में ग्रैंडस्लैम ही नहीं अधिकतर टूर्नामेंट की ट्रॉफियां इन्हीं तीनों ने जीती हैं। किंग ऑफ क्ले नडाल ने फाइनल में जोकोविक को सीधे सेटों में 6-0, 6-2, 7-5 से शिकस्त देकर अपना 13वां फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। हालांकि, जोकोविक की नजर अपने 18वें ग्रैंडस्लैम खिताब पर लगी हुई थी।
पूर्व टेनिस खिलाड़ी स्वीडन के ब्योर्न बोर्ग, अमेरिका के पीट संप्रास, जॉन मैकनरो और जिमी कोनर्स ने एक टेलीविजन चर्चा में सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी को लेकर चर्चा की लेकिन वे किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके और इसका फैसला प्रशंसकों पर छोड़ दिया। हालांकि 34 वर्षीय नडाल ने फ्रेंच ओपन के दौरान स्वीकार किया था कि वह अपना करियर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने कहा था कि मैं अपना करियर एक खिलाड़ी के तौर पर ज्यादा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर खत्म करना चाहूंगा।
नंबर गेम
- नडाल ने फ्रेंच ओपन जीतकर फेडरर के 20 ग्रैंडस्लैम खिताब की थी बराबरी
- 58 बड़े खिताब नोवाक जोकोविक ने अपने करियर में जीते हैं जिसमें 17 ग्रैंडस्लैम, पांच एटीपी फाइनल्स और 36 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब हैं।
- 55 बड़े खिताब राफेल नडाल ने अपने नाम किए हैं जिसमें 20 ग्रैंडस्लैम और 35 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब हैं।
- 54 बड़े खिताब रोजर फेडरर ने जीते जिसमें 20 ग्रैंडस्लैम, छह एटीपी फाइनल्स और 28 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब हैं।
- 24-16 (जीत-हार) के रिकॉर्ड के साथ नडाल ने फेडरर के खिलाफ अपनी बढ़त बनाई हुई है लेकिन वह पिछले आठ मैचों में से सात मैच हार भी चुके हैं।
- 86 सिंगल्स खिताब नडाल ने अपने करियर में जीते हैं और वह ओपन युग में इतने खिताब जीतने वाले चौथे खिलाड़ी हैं।
- 103 खिताब फेडरर ने अपने नाम किए हैं और जिम्मी कोनर्स (109) के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
नडाल बनाम जोकोविक
पिछले 15 साल में जोकोविक ने नडाल के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड बेहतर किया है और वह 29-26 से आगे हैं। जोकोविक-नडाल की प्रतिद्वंद्विता टेनिस में सर्वश्रेष्ठ प्रतिद्वंद्वियों में से एक है लेकिन फेडरर-नडाल की प्रतिद्वंद्विता बोर्ग-मैकनरो और नवरातिलोवा-एवर्ट जैसी है। यह दोनों 2008 से 2010 तक 28 में से 24 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं।
बिग थ्री के ग्रैंडस्लैम खिताब
खिलाड़ी | ऑस्ट्रेलियन ओपन | फ्रेंच ओपन | विंबलडन | यूएस ओपन | कुल |
राफेल नडाल | 1 | 13 | 2 | 4 | 20 |
रोजर फेडरर | 6 | 1 | 8 | 5 | 20 |
नोवाक जोकोविक | 8 | 1 | 5 | 3 | 17 |
फेडरर से आगे निकल सकते हैं नडाल
हालांकि यह भी माना जा रहा है कि फेडरर और नडाल की प्रतिद्वंद्विता ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है क्योंकि फेडरर 39 साल के हैं जबकि स्पेनिश खिलाड़ी नडाल 34 वर्ष के हैं। फेडरर पर चोट का असर ज्यादा पड़ने लगा है और वह इस साल चोट के कारण ही फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन में नहीं खेले थे। वहीं, नडाल के पास फेडरर के 20 ग्रैंडस्लैम से आगे निकलने के लिए काफी समय है। फेडरर के पास अपने ग्रैंडस्लेम संख्या को बढ़ाने का समय कम है। टेनिस पंडितों को मानना है कि 39 के फेडरर अगर पूरी तरह फिट भी रहते हैं तब भी दो साल ही खेल पाएंगे, लेकिन नडाल के पास समय ज्यादा है।