फ्रेंच ओपन के प्रसारण अधिकार पर हुआ फैसला, अगले 3 साल तक इस चैनल पर दिखेगा टूर्नामेंट का रोमांच
अगले 3 साल के लिए फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएन) ने हासिल किया है। साल 2022 से 2024 तक के फ्रेंच ओपन के प्रसारण के विशिष्ट मीडिया अधिकार उनके पास रहेंगे।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। फ्रांस में होने वाले टेनिस के प्रतिष्ठित साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन यानी रोलैंड-गैरोस के नए ब्राडकास्टर के नाम पर फैसला हो चुका है। अगले 3 साल के लिए इस टाप टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएन) ने हासिल किया है। साल 2022 से 2024 तक के फ्रेंच ओपन के प्रसारण के विशिष्ट मीडिया अधिकार उनके पास रहेंगे। तीन वर्षों की अवधि के लिए इस सौदे में एसपीएन को फ्रेंच ओपन का एक्सक्लूसिव टीवी और डिजिटल अधिकार प्रदान किया गया है।
यह प्रसारणकर्ता फ्रेंच ओपन को अपने स्पोर्ट्स चैनलों पर सम्पूर्ण भारत और पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान तथा मालदीव्स सहित उपमहाद्वीप में टीवी पर प्रसारित करेगा। इसके अलावा यह प्रसारण एसपीएन के ओटीटी प्लैटफॉर्म, सोनीलिव पर भी लाइव-स्ट्रीम के लिए उपलब्ध होगा।
फ्रेंच ओपन का आगामी संस्करण 22 मई से 5 जून, 2022 के बीच खेला जाना है। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई ओपन को भारत में सभी ग्रैंड स्लैम्स में सर्वाधिक पहुंच वाला खेल माना जाता है। इसके प्रसारण अधिकार भी इसी चैनल के पास है और इस टूर्नामेंट के 2022 संस्करण का 22 मिलियन दर्शकों ने आनंद उठाया जो हाल के वर्षों में दर्ज सर्वोच्च संख्या है। 22 मई 2022 को दोपहर 2:30 बजे से आरम्भ होने वाले 2022 फ्रेंच ओपन का भारतीय दर्शकों के लिए प्राइम टाइम मैचों पर विशेष फोकस के साथ पूरे दिन प्रसारण करेगा।
प्रसारण अधिकार पर मुख्य राजस्व अधिकारी, वितरण एवं हेड राजेश कौल ने कहा, “विगत वर्षों में अपने नेटवर्क पर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के सफल प्रसारण के बाद हमें प्रतिष्ठित फ्रेंच ओपन का मीडिया अधिकार प्राप्त करके प्रसन्नता हो रही है। फ्रेंच ओपन की उत्पत्ति से हमें भारत में टेनिस के लगातार बढ़ते प्रशंसक आधार की सेवा करने में मदद मिलती है। इस अधिग्रहण के साथ हम सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क को विशाल वैश्विक खेल आयोजनों के घर के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य दोहराते हैं।”