विश्व रैंकिंग में नंबर एक पर कायम हैं राफेल नडाल और सिमोना हालेप
नडाल 8260 अंकों के साथ नंबर एक पर बने हुए हैं। उनके बाद स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर (6900) हैं।
पेरिस, एएफपी। स्पेन के टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल सोमवार को जारी एटीपी विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर कायम हैं, जबकि महिलाओं में रोमानिया की सिमोना हालेप ने भी डब्ल्यूटीए रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा।
नडाल 8260 अंकों के साथ नंबर एक पर बने हुए हैं। उनके बाद स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर (6900) हैं। इस सप्ताह दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन और बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को छोड़कर शीर्ष-10 स्थानों में बदलाव नहीं हुआ है। दोनों ने अपने-अपने स्थान एक-दूसरे से बदले हैं। एंडरसन (3640) आठवें और दिमित्रोव (3620) नौवें स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर नोवाक जोकोविक (6445) हैं।
महिलाओं में हालेप के 7421 अंक हैं। उनके अलावा जापान की नाओमी ओसाका (4770) दो स्थान के फायदे के साथ चौथे पर जा पहुंची। वह इस स्थान पर पहुंचने वाली अपने देश की दूसरी खिलाड़ी बन गईं। दूसरे स्थान पर डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियाकी (6490) हैं।