11वां फ्रेंच ओपन जीतने के बाद पेरिस ने नडाल को किया सम्मानित
17 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले नडाल ने पेरिस में मिले समर्थन को अविश्वसनीय बताया।
पेरिस, एजेंसी। स्पेन के राफेल नडाल को सोमवार को उनके 11वां फ्रेंच ओपन खिताब जीतने के बाद पेरिस शहर की तरफ से सम्मानित किया गया। नडाल ने रविवार को आस्ट्रिया के डोमिनिक थीम को मात देकर रिकार्ड 11वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल में जीत हासिल करने के बाद एक समारोह में नडाल से पेरिस के मेयर एने हिगल्डो ने हल्के-फुल्के अंदाज में उनसे 12वें फ्रेंच ओपन खिताब के बारे में पूछा।
नडाल ने विनम्रता से जबाव देते हुए कहा, 'देखते हैं कि अगले साल क्या होता है। अभी मैं इतना आगे की नहीं सोच सकता। हमें उससे संतुष्ट होना चाहिए जो हो चुका है। जब यह समय बीत जाएगा, तब हम दोबारा इस बारे में सोचेंगे कि अगले साल क्या हो सकता है।'
17 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले नडाल ने पेरिस में मिले समर्थन को अविश्वसनीय बताया। शहर की परिषद में हुए समारोह में नडाल का परिवार भी मौजूद था। हिगाल्डो ने नडाल को एक तोहफा भेंट में दिया जिस पर स्पेनिश खिलाड़ी के हाथ के निशान छपे हुए थे। मेयर ने नडाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक विजेता खिलाड़ी के साथ शानदार इंसान भी हैं।