राफेल नडाल और सिमोना हालेप एटीपी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर
सिमोना हालेप ने स्पेन की गार्बिने मुगुरुजा को पीछे करते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है।
मैड्रिड, जेएनएन। स्पेन के राफेल नडाल ने ताजा एटीपी टेनिस रैंकिंग में पुरुष खिलाड़ियों में शीर्ष स्थान कायम रखा है। महिलाओं में रोमानिया की टेनिस स्टार सिमोना हालेप ने स्पेन की गार्बिने मुगुरुजा को पीछे करते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है।
पुरुष रैंकिंग में इस सप्ताह शीर्ष-10 में सिर्फ दो बदलाव हुए हैं। बेल्जियन के डेविड गोफिन ने शीर्ष-10 में प्रवेश कर लिया है। 16 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता ने हाल ही में चीन ओपन का खिताब जीतते हुए अपना पहला स्थान बरकरार रखा है।
दूसरे स्थान पर स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर, तीसरे स्थान पर ब्रिटेन के एंडी मरे और चौथे स्थान पर जर्मनी के एलेक्जेंडरे ज्वेरेव हैं। फेडरर के हमवतन स्टान वावरिंका ने एक स्थान की छलांग के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया है जबकि बुल्गारिया के ग्रीगोर दिमित्रोव आठवें से नौवें स्थान पर आ गए हैं। गोफिन ने स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्ता को 11वें स्थान पर पहुंचा दिया है।
अमेरिका के जॉन इश्नर को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह अब 16वें स्थान पर आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन भी एक स्थान की छलांग के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के आगे जाने से अमेरिका के सैम क्वेरी दो स्थान खिसक कर 17वें स्थान पर आ गए हैं।
वहीं महिलाओं में 26 साल की यह रोमानियाई खिलाड़ी हालेप अपने करियर में पहली बार शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल हुई हैं। वहीं, मुगुरुजा दूसरे स्थान पर आ गई हैं।
चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा भी एक स्थान आगे बढ़ते हुए तीसरे स्थान पर आ गई हैं। यूक्रेन की इलिना स्वितोलिना एक स्थान खिसक कर चौथे स्थान पर आ गई हैं। अमेरिका की वीनस विलियम्स पांचवें, डेनमार्क की कैरोलिना वोज्यिनाकी छठे स्थान पर बनी हुई हैं।
लातविया की येलेना ओस्टापेंको सातवें और रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा आठवें स्थान पर आ गई हैं। फ्रांस की कैरोलिना गार्सिया ने छह स्थान की छलांग के साथ शीर्ष-10 में प्रवेश करते हुए नौवें स्थान पर कब्जा जमाया है। वहीं अमेरिका की योहाना कोंटा को तीन स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह अब 10वें स्थान पर आ गई हैं।