नाओमी ओसाका ने यूएस ओपन जीतकर दी जापान को नई ऊर्जा
जापान के लोगों को नाओमी ओसाका ने यूएस ओपन जीतकर खुशी मनाने का मौका दे दिया।
टोक्यो, एएफपी। हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे जापान के लोगों को नाओमी ओसाका ने यूएस ओपन जीतकर खुशी मनाने का मौका दे दिया। उनकी इस जीत पर जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने उनकी तारीफ की।
उन्होंने कहा, 'यूएस ओपन में जीत पर आपको बधाई। आप ग्रैंडस्लैम जीतने वाली जापान की पहली खिलाड़ी हैं। पूरे देश को ऊर्जा और प्रेरणा देने के लिए शुक्रिया।' ओसाका के नाना तेत्सुओ ओसाका (73) पिछले दिनों भूकंप की चपेट में आए जापान के होकाईडो द्वीप पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि टेलीविजन पर पोती को देखकर उन्हें रोना आ गया। उन्होंने कहा, 'मैं अभी तक उसकी जीत की खुमारी में डूबा हूं। जैसे ही उसने जीत दर्ज की मैं और मेरी पत्नी ने एक साथ जश्न मनाया। मैं काफी खुश था। मेरी आंखों में आंसू आ गए। मुझे उम्मीद है कि वह शानदार खेल जारी रखेगी और टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी जीत दर्ज करेगी।'
जापान की मीडिया ने भी ओसाका की जीत की खबरों को प्रमुखता से जगह दी। ओसाका के पास जापान और अमेरिका की दोहरी नागरिकता है और वह जापानी मीडिया के सवालों का जवाब अंग्रेजी में देती हैं। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य टोक्यो ओलंपिक में जीत दर्ज करना है।
ओसाका के अश्वेत रंग पर कटाक्ष करने वाले जापान के लोग भी इस जीत के बाद उन्हें अपना बता रहे हैं। एक प्रशंसक ने ट्विटर पर लिखा, 'उनके साक्षात्कार से पता चलाता है कि वह जापानी है। इस बात पर कोई फर्क नहीं पड़ता की उसका जन्म कहां हुआ है, वह कहां बड़ी हुई है, उसका रंग क्या है और वह कौन सी भाषा बोल रही है। आप जापान की गौरव हैं।'