Iga Swiatek vs Coco Gauff, French Open 2022 Women's Final: वर्ल्ड नंबर वन इगा ने जीता फ्रेंच ओपन 2022 का खिताब
Iga Swiatek vs Coco Gauff French Open 2022 Womens Final फाइनल मुकाबले को इगा ने पूरी तरह से एकतरफा बना डाला और 18 साल की कोको को सीधे सेटों में 6-1 6-3 से हरा दिया। इगा ने इस मैच को महज एक घंटे आठ मिनट में जीत लिया।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Iga Swiatek vs Coco Gauff, French Open 2022 Women's Final: फ्रेंच ओपन 2022 के महिला सिंगल्स के फाइनल में वर्ल्ड नंबर एक इगा स्विएटेक का सामना 18 साल की युवा महिला टेनिस खिलाड़ी कोको गौफ के साथ हुआ। ये मुकाबला पूरी तरह से एक तरफा रहा और वर्ल्ड नंबर एक इगा ने कोको का सपना तोड़ते हुए मैच में जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही पोलैंड की इगा ने फ्रेंच ओपन 2022 का महिला सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया।
इगा स्विएटेक बनाम कोको गौफ, सीधे सेटों में इगा को मिली जीत
फाइनल मुकाबले को इगा ने पूरी तरह से एकतरफा बना डाला और 18 साल की कोको को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हरा दिया। इगा ने इस मैच को महज एक घंटे आठ मिनट में जीत लिया और ये उनकी लगातार 35वीं जीत रही। इसके अलावा ये दूसरा मौका था जब इगा ने लाल बजरी पर अपना जौहर दिखाया और चैंपियन बनी। इससे पहले वो एक बार ये खिताब जीत चुकी हैं और साल 2020 में उन्होंने पहली बार फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया था। इगा ने अब तक सिर्फ दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं और दोनों बार उन्होंने फ्रेंच ओपन में ही बाजी मारी है।
फाइनल मैच में इगा स्विएटेक शुरू से ही कोको गाफ पर पूरी तरह से हावी रहीं और उन्होंने अपने फोरहैंड व बैकहैंड का इस्तेमाल पूरे परफेक्शन के साथ किया। गाफ इस मुकाबले में इगा की गति के सामने पूरी तरह से संघर्ष करती हुई नजर आ रही थीं और मैच के दौरान कई बार उनका लय टूटता हुआ नजर आया। इससे पहले इगा इस सीजन में यानी 2022 में आस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं और वो इससे आगे नहीं बढ़ पाई थीं।