Xiaomi Redmi K20 के लिए रोल आउट हुआ Android 10, इन दो तरीकों से कर सकते हैं डाउनलोड
Redmi K20 के लिए भारत में सबसे पहले Android 9 पर आधारित MIUI 11 रोल आउट किया गया था लेकिन Android 10 के लिए यूजर्स को काफी इंतजार करना पड़ा है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। Xiaomi Redmi K20 के लिए Android 10 पर आधारित MIUI 11 अपडेट रोल आउट किया गया है। आपको बता दें कि पिछले साल इस स्मार्टफोन के साथ लॉन्च हुए Redmi K20 Pro के लिए पिछले साल नवंबर में ही Android 10 पर आधारित MIUI 11 अपडेट रोल आउट किया गया था। Redmi K20 के लिए इस अपडेट में इतनी देरी क्यों हुई है, इसके बारे में कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है। Redmi K20 के लिए भारत में सबसे पहले Android 9 पर आधारित MIUI 11 रोल आउट किया गया था, लेकिन Android 10 के लिए यूजर्स को काफी इंतजार करना पड़ा है।
क्या होगा नया?
अक्टूबर में रोल आउट हुए Android 9 पर आधारित MIUI 11 के मुकाबले नए अपडेट में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, Google का सिक्युरिटी पैच और प्राइसवेसी फीचर जो कि Android 10 के साथ आता है, जरूर नए अपडेट के साथ यूजर्स को मिलेंगे। अक्टूबर में रोल आउट किए गए MIUI 11 के साथ यूजर्स को पहले ही जेस्चर नेविगेशन और डार्क मोड जैसे फीचर्स मिल गए थे। अब, यूजर्स को प्राइवेसी एवं अन्य फीचर्स भी मिलने लगेंगे।
कैसे करें डाउनलोड?
पहला तरीका (OTA के जरिए): Redmi K20 सीरीज भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाले मिड रेंज के स्मार्टफोन्स में से एक है। इस स्मार्टफोन के इस लेटेस्ट अपडेट को OTA (ओवर द एयर) या फिर फुल स्टेबल ROM के जरिए भी अपडेट किया जा सकता है। यूजर्स को डिवाइस की सेटिंग्स में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट सेक्शन में जाना होगा। वहां से यूजर्स नए अपडेट को सर्च कर सकेंगे। नया अपडेट उपलब्ध होने पर यूजर्स इसे डाउनलोड और इंस्टाल कर सकेंगे। हालांकि, अपडेट को डाउनलोड करने के लिए Wi-Fi या फिर मोबाइल डाटा से डिवाइस को कनेक्ट करना होगा।
(फोटो साभार- Mi Community)
दूसरा तरीका (ROM अपडेट): अगर, यूजर्स को फोन की सेटिंग्स में OTA अपडेट नहीं मिलता है तो यूजर्स कंपनी के आधिकारिक कम्युनिटी फोरम के जरिए स्टेबल ROM अपडेट को डाउनलोड कर सकते हैं। यूजर्स को कम्युनिटी फोरम से अपडेट डाउनलोड करने के बाद फोन की इंटरनल स्टोरेज में सेव करना होगा। इसके बाद यूजर्स सेटिंग्स में जाकर, अबाउट फोन पर टैप करके इस नए अपडेट को इंस्टाल कर सकेंगे।