Xiaomi Redmi K20 Pro और Mi 9T Pro के लिए रोल आउट हुआ स्टेबल MIUI 12
Xiaomi ने अपने पिछले साल लॉन्च हुए प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स Redmi K20 Pro और Mi 9T Pro के लिए अपना लेटेस्ट MIUI 12 का अपडेट रोल आउट किया है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi ने अपने पिछले साल लॉन्च हुए प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स Redmi K20 Pro और Mi 9T Pro के लिए अपना लेटेस्ट MIUI 12 का अपडेट रोल आउट किया है। इस स्टेबल अपडेट को फिलहाल यूरोपीय देशों में रोल आउट किया गया है। हालांकि, अन्य रीजन्स के लिए स्टेबल अपडेट को रोल आउट होने में फिलहाल थोड़ा समय और लग सकता है। जिसकी वजह से यूजर्स को फिलहाल कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। ये दोनों ही स्मार्टफोन्स MIUI 12 के अपडेट साइकिल के राउंट 1 में शामिल डिवाइसेज हैं।
Xiaomi ने अपने लेटेस्ट MIUI 12 ऑपरेटिंग सिस्टम को पिछले दिनों ही आधिकारिक तौर पर रिलीज किया है। Mi Community की एक पोस्ट के मुताबिक, कंपनी ने इस अपडेट को OTA (ओवर दी एयर) के जरिए रोल आउट किया है। जिसे यूजर्स अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि, Mi Community फोरम पर ही इस अपडेट में बग की बात भी कही गई है, जिसके बाद इस OTA अपडेट को Xiaomi ने रोल बैक भी कर लिया है। ऐसा हमने MiA3 के साथ भी देखा है, जिसके लिए Android 10 अपडेट को तीन बार रोल बैक करना पड़ा था।
MIUI 12 का ये लेटेस्ट अपडेट एक लंबे चेंजलॉग के साथ आता है। यानी कि यूजर्स को नए अपडेट के साथ कई बदलाव अपने डिवाइसेज में देखने को मिल सकते हैं। Android 10 पर आधारित इस MIUI 12 अपडेट को V12.0.1.0.QFKEUXM के नाम से रोल आउट किया गया है। अगर, आप इस अपडेट को Xiaomi की वेबसाइट से डाउनलोड करते हैं तो इसे अपने पीसी में पहले अनजिप करना होगा। जिसके बाद इसे डाटा केबल के जरिए डिवाइस में ट्रांसफर करना होगा। OTA के जरिए डाउनलोड करने पर इस अपडेट की साइज 2.4GB है। वहीं, वेबसाइट के जरिए इस अपडेट को डाउनलोड करने पर इसकी साइज 2.9GB है। इस अपडेट को Mi Flash Tool के जरिए अपने स्मार्टफोन में इंस्टॉल कर सकते हैं। वैसे यूजर्स के लिए OTA अपडेट सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है।