Reliance Jio ने बनाया खास रिकॉर्ड, बनी 40 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार करने वाली पहली टेलिकॉम कंपनी
Reliance Jio ने कामयाबी का नया रिकॉर्ड हासिल करते हुए अपनी प्रतियोगी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। Jio पहली ऐसी टेलिकॉम कंपनी बन गई है कि जिसने 40 सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार किया है। यह जानकारी TRAI ने शेयर की है
नई दिल्ली, टेक डेस्क। टेलिकॉम कंपनी Reliance Jio ने यूजर्स के दिलों में एक खास और मजबूत जगह बना ली है। यही वजह है कि कंपनी के यूजर्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं। वहीं अब Reliance Jio अन्य टेलिकॉम कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है। Reliance Jio देश की पहली ऐसी टेलिकॉम कंपनी बन गई है जिसके यूजर्स की संख्या 40 करोड़ के पार हो गई है। यह अपने आप में ही एक टेलिकॉम कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
Reliance Jio ने जहां 40 करोड़ यूजर्स का आंकड़ा पार करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं कंपनी के एक्टिव यूजर्स में 8.5 करोड़ से ज्यादा की कमी आई है। जुलाई में कंपनी ने 35.5 लाख नए यूजर्स को अपने नेटवर्क में जोड़ा था। TRAI की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में टेलिकॉम इंडस्ट्री को भी 35 लाख यूजर्स का फायदा हुआ था। इतना ही नहीं, देश में जुलाई में टेलिकॉम सब्सक्राइबर्स बेस बढ़कर 116.4 करोड़ हो गया था।
कुल यूजर्स की संख्या
TRAI की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में Reliance Jio के कुल सब्सक्राइबर्स की संख्या 40.8 करोड़ रही। वहीं Airtel की सब्सक्राइबर्स की बात करें तो जुलाई में इसने 32.6 लाख सब्सक्राइबर्स ऐड किए। जिसके बाद Airtel के कुल यूजर्स की संख्या 31.99 करोड़ रही। वहीं BSNL ने जुलाई महीने में 3.88 लाख नए यूजर्स को जोड़ा।
ब्रॉडबैंड कनेक्शन में हुआ इजाफा
TRAI की रिपोर्ट में यह भी जानकारी दी गई है कि जुलाई महीने में ब्रॉडबैंड कनेक्शन में 1 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। ब्रॉडबैंड कनेक्शन 1.03 फीसदी बढ़कर 70.54 करोड़ पहुंच गया। जबकि जून में यह संख्या 69.83 करोड़ थी। टेलिकॉम कंपनियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जुलाई में Reliance Jio के ब्रॉडबैंड यूजर्स की संख्या 40.19 करोड़ रही। जबकि Airtel में यह संख्या 15.57 करोड़ रही। वहीं Vodafone Idea के ब्रॉडबैंड यूजर्स की संख्या 11.52 करोड़ और BSNL यूजर्स की संख्या 2.3 करोड़ रही।