दिल्ली सर्किल से Vodafone-Idea और Airtel के लिए बुरी खबर, Jio को मिला बड़ा फायदा
दिल्ली सर्किल में Reliance Jio के नेटवर्क से जून माह के अंत तक 1करोड़ 83 लाख से अधिक ग्राहक जुड़े हुए थे। राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा के गुरूग्राम एंव फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद जिले दिल्ली सर्किल में आते हैं।
नई दिल्ली, टेक डेस्क. टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली सर्किल में 35.33 फीसदी मार्केट शेयर के साथ Reliance Jio टॉप टेलिकॉम कंपनी बन गई है। दिल्ली सर्किल में Reliance Jio के नेटवर्क से जून माह के अंत तक 1करोड़ 83 लाख से अधिक ग्राहक जुड़े हुए थे। राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा के गुरूग्राम एंव फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद जिले दिल्ली सर्किल में आते हैं।
Jio ने 6 माह में 9.03 लाख नए ग्राहक जोड़े
Reliance Jio ने साल की शुरूआत में ही Vodafone-Idea को पीछे छोड़कर देकर दिल्ली सर्किल में नंबर वन की पोजीशन हासिल की थी। जनवरी से जून तक यानी वर्ष के पहले 6 महीनों में Reliance Jio ने करीब 9.03 लाख ग्राहक जोड़ कर अपनी पोजीशन को और मजबूत किया है। दिल्ली सर्किल में नंबर दो की पोजीशन पर काबिज Vodafone-Idea से Reliance Jio के करीब 20 लाख ग्राहक अधिक हैं। ग्राहक संख्या की दौड़ में Bharti Airtel तीसरे नंबर पर पिछड़ गई है। वह Reliance Jio से 33 लाख 40 हजार और Vodafone Idea से करीब 13.70 लाख ग्राहकों से पिछड़ रही है।
Vodafone-Idea को सबसे ज्यादा नुकसान
वर्ष 2020 के पहले 6 महीनों में यानी जनवरी से जून माह के दौरान दिल्ली सर्किल में Vodafone-Idea और Airtel के 18 लाख 8 हजार से अधिक मोबाइल फोन ग्राहकों ने अपने सिम बंद कर दिए। कभी दिल्ली सर्किल में नंबर वन रही Vodafone-Idea को सबसे भारी झटका लगा। TRAI की ओर से जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक साल के पहले 6 महीनों में Vodafone-Idea के हाथों से 12 लाख 84 हजार से अधिक ग्राहक फिसल गए हैं। वहीं Airtel के नेटवर्क से इसी दौरान करीब 5 लाख 24 हजार यूजर्स छिटक गए थे।
जून में भी Airtel और Vodafone-Idea को लगा झटका
Vodafone-Idea और Airtel को जून माह में भी नुकसान उठाना पड़ा है। नए यूजर्स जोडने के मामले में Reliance Jio ने एक बार फिर बाजी मार ली है। उसके नेटवर्क से करीब 56 हजार नए ग्राहक जून माह में जुड़े हैं। वहीं इसी दौरान Vodafone-Idea से करीब 2 लाख और Airtel से 1 लाख 21 हजार से अधिक यूजर्स ने नाता तोड़ लिया।