Google Play Store से Paytm को हटाए जाने का यूजर्स पर पड़ सकता है असर!
Paytm का इस्तेमाल आजकल यूजर्स के बीच लगभग हर छोटी-बड़ी पेमेंट के लिए किया जाता है और यहां आपको कई कैशबैक ऑफर भी उपलब्ध है
नई दिल्ली, टेक डेस्क। देश की सबसे बड़ी और लोकप्रिय डिजिटल पेमेंट ऐप्लिकेशन Paytm को अचानक से Google Play Store से हटा दिया गया है। अब एंड्राइड यूजर्स इस ऐप को अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड नहीं कर सकते। हालांकि कंपनी की अन्य ऐप्स जैसे Paytm for business, Paytm Mall, Paytm Money आदि अभी भी Play Store पर मौजूद हैं। लेकिन बावजूद इसके Paytm को हटाए जाने के बाद यूजर्स को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि कोरोना संक्रमण काल में फिजिकल पेमेंट की बजाय लोगों ने डिजिटल पेमेंट का जमकर इस्तेमाल किया। ऐसे में Paytm को Play Store से रिमूव किए जाने का यूजर्स पर काफी असर पड़ सकता है।
Google का बयान
Paytm को Play Store से रिमूव किए जाने के बाद इस बारे में Google की ओर से बयान जारी किया गया और इसमें कहा गया है कि Paytm ने कंपनी के नियमों का उल्लंघन किया है, जिसके बाद इसे रिमूव करने का फैसला लिया गया। Google का कहना है कि 'हम ऐसे किसी भी ऐप को Play Store पर जगह नहीं दे सकते जो कि ऑनलाइन कैश वाले गेम्स, जुए या सट्टा का आयोजन करते हों।'
Paytm का बयान
Paytm ने भी ट्वीट के जरिए अपने यूजर्स को आश्वासन देते हुए कहा है कि कुछ समय के लिए हम Play Store पर डाउनलोडिंग के लिए उपलब्ध नहीं है। लेकिन जल्द ही वापसी करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि यूजर्स का पैसा पूरी तरह से सुरक्षित है। (इसे भी पढ़ें: Google Play Store से Paytm हुआ रिमूव, अब इस ऐप को नहीं कर पाएंगे डाउनलोड)
लॉकडाउन में निभाया साथ
Paytm ने कोरोना संक्रमण काल में यूजर्स को जमकर साथ निभाया है। क्योंकि इस दौरान लोगों ने फिजिकल पेमेंट का इस्तेमाल काफी कम किया। इसके बजाय डिजिटल पेमेंट का उपयोग किया। डिजिटल पेमेंट के लिए यूजर्स के बीच Paytm काफी लोकप्रिय ऐप है।
पेमेंट के लिए करते हैं इस्तेमाल
Paytm का उपयोग यूजर्स मोबाइल रिचार्ज, बिल पेमेंट और मनी ट्रांसफर के लिए ही नहीं बल्कि फाइनेंशियल सर्विस, ट्रैवल एंड फ्लाइट्स और मूवी टिकट की बुकिंग आदि कई छोटे-मोटे कामों के लिए करते हैं। यहां तक कि अब तो किराने की दुकान से लेकर सब्जी खरीदने के लिए भी Paytm से पेमेंट की जाती है। ऐसें में Paytm को प्ले स्टोर से हटाए जाने के बाद यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। (इसे भी पढ़ें: Google ने बताई Paytm को Play Store से हटाने की वजह)
कैशबैक की सुविधा का लाभ
Paytm की खासियत है कि इसमें आपको पेमेंट या बिल चुकाने के दौरान कैशबैक ऑफर की भी सुविधा मिलती है। जो आपके Paytm अकाउंट में ऐड हो जाती है और इसका उपयोग आप बाद में कभी भी कर सकते हैं।
शॉपिंग का विकल्प भी है उपलब्ध
Paytm एक ऐसा डिजिटल पेमेंट ऐप्लिकेशन है जिसमें आपको पेमेंट के अलावा शॉपिंग की सुविधा का भी लाभ मिलेगा। इस ऐप में एक शॉपिंग सेक्शन दिया गया है। जहां यूजर्स ग्रोसरी, फैशन, इलेक्ट्रिक्स, मोबाइल, लैपटॉप, होम एंड किचन और आर्युवेदिक जैसे कई प्रोडक्ट्स को खरीद सकते हैं। यूजर्स Paytm पर पेमेंट, शॉपिंग, टिकट बुकिंग जैसी सभी चीजों को इस्तेमाल एक साथ कर सकते हैं।