महामारी में भी दुनियाभर में स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड का रहा जलवा, बिक्री में स्मार्टफोन भी छूट जाएंगे पीछे : रिपोर्ट
महामारी के चलते पिछले साल दुनियाभर में स्मार्टफोन की सेल में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दूसरी तरफ साल 2020 में रिकॉर्ड 527 मिलियन वियरेबल्स की बिक्री हुई है। न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2025 तक वर्ल्ड वाइड 1.2 बिलियन वियरेबल्स डिवाइस बिक्री का अनुमान है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। कोविड-19 महामारी कई लिहाज से नुकसानदायक साबित हुई है। लेकिन स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड के कारोबार के लिए महामारी फायदेमंद रही है। दरअसल महामारी के दौर में वियरेबल्स गैजेट्स जैसे स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड की सेल में तेज ग्रोथ दर्ज की गई है, जहां महामारी के चलते पिछले साल दुनियाभर में स्मार्टफोन की सेल में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दूसरी तरफ साल 2020 में रिकॉर्ड 527 मिलियन वियरेबल्स की बिक्री हुई है। न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2025 तक वर्ल्ड वाइड 1.2 बिलियन वियरेबल्स डिवाइस बिक्री का अनुमान है।
वियरेबल्स डिवाइस की रिकॉर्ड सेल
स्ट्रैटजिक एनालिस्ट फर्म की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2019 में जहां 384 मिलियन वियरेबल्स की बिक्री हुई थी, जो साल 2020 में बढ़कर 527 मिलियन हो गयी है। बता दें कि यह पहली बार है, जब वियरेबल्स की सेल ने आधे से ज्यादा बिलियन की सेल हासिल की है। एनालिस्ट की मानें, तो वियरेबल्स की सेल में ग्रोथ का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। एक अनुमान के मुताबिक इस दशक के आखिरी तक वियरेबल्स बिक्री के मामले में स्मार्टफोन को पीछे छोड़ देंगे। वियरेबल्स की जोरदार बिक्री की गूंज बार्सिलोना में आयोजित चार दिवसीय मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में भी सुनाई दी।
Huawei ने पेश की यूनिक वियरेबल्स
मार्केट में उन फिटनेस ट्रैकर और स्मार्टवॉच को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, जिनमें स्टेप मॉनिटर, हर्ट रेट और ऑक्सीजन लेवल मौजूद रहता है। ऐसे वियरेबल्स की वर्ल्ड वाइड 36 फीसदी सेल होती है। साथ ही इनडोर एक्सरसाइज फीचर वाले वियरेबल्स की डिमांड बढ़ रही है। एनालिस्ट की मानें, तो कम कीमत और नये फीचर्स के आने से वियरेबल्स की डिमांड में इजाफा होगा। हाल ही में चीनी टेक कंपनी Huawei ने फ्लैगशिप स्मार्टवॉच लॉन्च की है, जो शरीर का तापमान पता कर सकती है।