LG लॉन्च करने वाला है फोल्डेबल स्मार्टफोन, तौलिए की तरह स्क्रीन हो जाएगी फोल्ड
LG का फोल्डेबल स्मार्टफोन रोलिंग डिस्प्ले डिजाइन (लपेटने वाले डिस्प्ले) के साथ आ सकता है। LG के इस फोल्डेबल स्मार्टफोन का रेंडर पिछले साल अगस्त में सामने आया था।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। पिछले साल Samsung और Huawei ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2019 में अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन्स पेश किए थे। जिसके डिस्प्ले बीच से मुड़ सकते हैं। इन फोल्डेबल स्मार्टफोन्स के लॉन्च होने के बाद अन्य OEM (ऑरिजिनल इक्वीपमेंट मैन्युफैक्चरर्स) ने भी अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन्स पर काम करना शुरू कर दिया। इन मैन्युफैक्चरर्स में चीनी कंपनी Xiaomi के साथ-साथ Lenovo की स्वामित्व वाली Motorola भी शामिल है। Motorola ने अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन Moto Razr को इस साल की शुरुआत में भारत में पेश किया है। वहीं, Xiaomi ने भी अपने Mi Mix Alpha 5G फोल्डेबल कॉन्सेप्ट फोन को भी पेश किया है। अब एक और दक्षिण कोरियाई कंपनी LG भी अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन को पेश करने वाला है।
LG का फोल्डेबल स्मार्टफोन रोलिंग डिस्प्ले डिजाइन (लपेटने वाले डिस्प्ले) के साथ आ सकता है। LG के इस फोल्डेबल स्मार्टफोन का रेंडर पिछले साल अगस्त में सामने आया था। इस फोल्डेबल स्मार्टफोन का रेंडर कंपनी द्वारा फाइल किए गए पेटेंट के आधार पर डिजाइन किया गया है। अब जो नई जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक, कंपनी अपने इस रोल होने वाले फोल्डेबल फोन को प्रोजेक्ट B के नाम से लॉन्च करने की तैयारी में है। इसे अगले साल की शुरुआत में पेश किया जा सकता है।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, कंपनी इसमें BOE के डिस्प्ले पैनल इस्तेमाल कर सकती है। इस स्मार्टफोन के प्रोटोटाइप का प्रोडक्शन शुरू किया जा चुका है। कंपनी इसके 1,000 से 2,000 प्रोटोटाइप्स प्रोड्यूस करेगी। आपको बता दें कि किसी भी फाइनल प्रोडक्ट को पेश करने से पहले उसे तीन से चार राउंट प्रोटोटाइप्स तैयार किए जाते हैं। कंपनी का ये प्रोजेक्ट B इसे एक बार फिर से इनोवेशन प्लेयर के तौर पर स्थापित कर सकता है। LG पिछले 20 तिमाही से अपने यूजर बेस को खो रहा है। नए इनोवेटिव स्मार्टफोन की वजह से कंपनी अपने यूजर बेस को फिर से स्थापित कर सकती है। LG के इस रोल होने वाले स्मार्टफोन को प्रीमियम फ्लैगशिप के तौर पर पेश कर सकता है।