भारतीय चिंगारी से चीनी TikTok को जोरदार टक्कर, लॉन्चिंग के 15 दिन में हुए 10 लाख डाउनलोड
चिंगारी ऐप यूजर्स को पॉप्युलैरिटी के साथ ही कमाई करने के मौके भी देता है। यह ऐप करीब 10 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। देशी शार्ट वीडियो मेकिंग ऐप चिंगारी (Chingari) भारत में तेजी से पॉप्युलर हो रहा है। इस मेड इन इंडिया ऐप को करीब 25 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया है। लॉन्चिंग के महज 10 दिनों में Chingari ऐप को 5.50 लाख लोगों ने डाउनलोड किया था। इसकी पॉप्युलैरिटी का आलम यह था कि लॉन्चिंग के 72 घंटों में ऐप को 5 लाख डाउनलोड मिल गए थे। बता दें कि चीन के साथ सीमा पर तनाव के बीच चिंगारी ऐप को TikTok के टक्कर में पेश किया जा रहा है। शायद यही वजह चिंगारी को फ्री ऐप के टॉप चार्ट में पहुंचाने के लिए काफी है।
क्या है खास?
चिंगारी ऐप के वीडियो को बिना लॉग-इन करके भी देखा जा सकता है। हालांकि रिवार्ड्स रजिस्टर और लॉग-इन करने वाले यूजर्स को ही मिलते हैं। Chingari ऐप को छत्तीसगढ़ के आईटी प्रफेशनल्स के साथ मिलकर ओडिशा और कर्नाटक के डिवेलपर्स ने तैयार किया है। भिलाई में रहने वाले चिंगारी ऐप के चीफ ऑफ प्रॉडक्ट सुमित घोष को इस ऐप को विकसित करने में करीब दो साल लगे। उनकी मानें तो इस ऐप को खास तौर पर भारतीय यूजर्स की जरूरतों और पसंद को देखते हुए डिजाइन किया गया है। चिंगारी ऐप के को-फाउंडर विश्वास्तमा नायक ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में चिंगारी ऐप की ग्रोथ में करीब 400 फीसदी का इजाफा देखा गया है।
Chingari ऐप कमाई के मौके चिंगारी ऐप यूजर्स को वीडियो डाउनलोड और अपलोड करने के अलावा दोस्तों के साथ चैटिंग करने और कंटेंट को शेयर करने का ऑप्शन उपलब्ध कराता है। कंपनी के मुताबिक यह चीनी ऐप TikTok की तुलना में अधिक फायदेमंद है। चिंगारी ऐप पर क्रिएटर को अच्छे कंटेंट के लिए न सिर्फ पॉप्युलैरिटी मिलती है, बल्कि कंटेंट अपलोड करके कमाई भी की जा सकती है। यूजर्स के बनाए वीडियों के वायरल होने के हिसाब से चिंगारी ऐप की तरफ से यूजर्स को पेमेंट किया जाता है। हर एक वीडियो पोस्ट करने पर यूजर्स को प्वाइंट दिए जाते हैं, जिसे यूजर पैसों में रिडीम करा सकते हैं। यह ऐप हिंदी, अंग्रेजी, बंग्ला, गुजराती, मराठी, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम, तमिल और तेलगु में उपलब्ध है। चिंगारी ऐप को Google Play Store के साथ ही iOS ऐप स्टोर पर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।
(Written By- Saurabh Verma)