TikTok बैन होने के बाद कंपनी के CEO ने कर्मचारियों के लिए लिखा ओपन लेटर
TikTok भारत के लिए सबसे बड़ा बाजार रहा है। पिछले साल TikTok के यूजर्स में हुई बढ़ोत्तरी के 45 फीसद यूजर्स भारत से ही थे।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। भारत में TikTok बैन होने के बाद कंपनी के CEO केविन मेयर ने अपने कर्मचारियों के नाम संदेश लिखा है। कंपनी के न्यूजरूम पर पोस्ट हुए इस ओपन लेटर के जरिए कर्मचारियों को बताया कि वो अपने स्टेकहोल्डर्स के साथ काम कर रहे हैं और उत्पन्न हुई परिस्थिति को एड्रेस करने की कोशिश कर रहे हैं। आपको बता दें कि भारत सरकार द्वारा बीते सोमवार की शाम को TikTok समेत 59 ऐप्स को बैन करने का फैसला किया गया। इन ऐप्स में ज्यादातर ऐप्स चाइनीज कंपनियों के थे। भारत सरकार ने इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट के सेक्शन 69ए के तहत इन ऐप्स को बैन करने का आदेश जारी किया था।
भारत में 20 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स वाले इस शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप के बैन होने के बाद कंपनी ने बयान भी जारी किया था, जिसमें कंपनी प्राइवेसी पॉलिसी की गाइडलाइन्स को पूरा करने की बात हर रही है। TikTok CEO ने अपने ओपन लेटर में कर्मचारियों से कहा कि हमारे कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी ताकत है और उनकी बेहतरी कंपनी का मुख्य उदेशय है। TikTok भारत के लिए सबसे बड़ा बाजार रहा है। पिछले साल TikTok के यूजर्स में हुई बढ़ोत्तरी के 45 फीसद यूजर्स भारत से ही थे।
TikTok के अलावा कई और चाइनीज ऐप्स बैन किए गए हैं, जिनमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Helo, UC Browser, CamScanner जैसे चाइनीज ऐप्स शामिल हैं। साथ ही, Xiaomi के Mi Community ऐप को भी भारत सरकार ने बैन कर दिया है। TikTok को लेकर पहले भी कई विवाद सामने आ चुके थे, जिनमें कंटेंट को लेकर भारत में इसे कुछ दिनों के लिए बैन कर दिया गया था। इस बार सरकार ने प्राइवेसी डाटा पॉलिसी के उल्लंघन की वजह से इन सभी 59 ऐप्स को बैन किया है।