इस खतरनाक ऐप ने किए 7 करोड़ से ज्यादा संदेहजनक ट्रांजेक्शन, जानें क्या आप भी हुए प्रभावित
एक नई खबर सामने आई है जिसके मुताबिक Play Store पर एक और ऐसी ऐप मौजूद है जो यूजर की जानकारी के बिना कुछ संदेहजनक ट्रांजेक्शन्स कर रहे हैं
नई दिल्ली, टेक डेस्क। Google की इतनी कड़ी सुरक्षा के बाद भी Play Store पर कई ऐप्स मिलती रहती हैं जो यूजर्स के निजी डाटा के लिए बेहद खतरनाक हैं। कुछ ही दिन पहले 15 ऐसी ऐप्स Google Play Store पर देखी गई थीं जो यूजर्स का निजी डाटा चुरा रही थीं। इन्हें Google ने अपने Play Store से रिमूव भी कर दिया था। अब एक नई खबर सामने आई है जिसके मुताबिक, Play Store पर एक और ऐसी ऐप मौजूद है जो यूजर की जानकारी के बिना कुछ संदेहजनक ट्रांजेक्शन्स कर रहे हैं।
अपस्ट्रीम सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म Secure-D ने एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें बताया गया है कि SnapTube नाम की एक ऐप है जो यूजर्स को ऑफलाइन YouTube वीडियो देखने के लिए उन्हें डाउनलोड करने की अनुमति देता है। यह इनविजिबल विज्ञापन, नॉन-ह्यूमन क्लिक्स और पेमेंट्स कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, SnapTube ने महज 6 महीनों में ही 4.4 मिलियन यूनिक डिवाइसेज से 70 मिलियन यानी 7 करोड़ से ज्यादा संदेहजनक ट्रांजेक्शन किए हैं। Secure-D ने इन सभी ट्रांजेक्शन्स को ब्लॉक कर दिया है जो यूजर्स को 91 मिलियन डॉलर का प्रीमियम चार्ज लगा सकता था। अपस्ट्रीम ने कहा है कि ब्राजील, मिस्र, श्रीलंका, मलेशिया और साउथ अफ्रीका के यूजर्स इस अटैक से ज्यादा प्रभावित हैं।
जानें क्या है अपस्ट्रीम का कहना: अपस्ट्रीम के सीईओ गाय क्रिए ने कहा है कि ऐप केवल डाउनलोड और विज्ञापनों पर क्लिक करता है। स्मार्टफोन स्क्रीन पर कुछ भी नहीं दिखाया जाता है। इस वीडियो ऐप की स्क्रीन केवल संदेहजनक बैकग्राउंड एक्टिविटी के काम आती है। हम हर दिन हर नए खतरे को ब्लॉक करने की कोशिश कर रहे हैं। जो भी यूजर्स Snaptube ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं उन्हें यह सलाह दी जाती है कि वो अपने फोन बिल्स को ध्यान दें और अपने ऑपरेटर को किसी भी संदेहजनक सदस्यता या शुल्क की रिपोर्ट करें।