इन शहरों में घर बैठे डिलीवर होगा राशन, Flipkart और Uber ने मिलाया हाथ
Uber और Flipkart की ये सुविधा फिलहाल देश के तीन शहरों दिल्ली मुंबई और बेंगलूरू में उपलब्ध होगी। बाद में इसे देश के अन्य शहरों के लिए भी शुरू की जा सकता है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। ऐप बेस्ट टैक्सी सर्विस प्रोवाइडर Uber ने पिछले दिनों Big Basket और Spencer रिटेल के साथ मिलकर लोगों के घरों में जरूरी सामान पहुंचाने के लिए करार किया था। अब Uber ने लोकप्रिय ई-कॉमर्स सर्विस प्रोवाइडर Flipkart के साथ पार्टनरशिप की है। आपको बता दें कि इस समय 24 मार्च से लेकर 14 अप्रैल तक देशव्यापी लॉकडाउन चल रहा है। कोरोनावायरस की संक्रमण में बढ़ोत्तरी न हो, इसके लिए केन्द्र सरकार ने ये फैसला लिया है। लोगों के घरों तक खाने-पीने के साथ-साथ जरूरी सामान पहुंचाया जा सके इसके लिए Uber और Flipkart ने ये फैसला लिया है।
Uber इंडिया ने इस बात की जानकारी अपने ब्लॉग पोस्ट के जरिए दी है। Uber इंडिया की ये तीसरी बिजनेस टू बिजनेस पार्टनरशिप है। Uber और Flipkart की ये सुविधा फिलहाल देश के तीन शहरों दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू में उपलब्ध होगी। बाद में इसे देश के अन्य शहरों के लिए भी शुरू की जा सकता है। हालांकि, इसके बारे में इन दोनों कंपनियों की तरफ से किसी भी तरह का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Uber इंडिया और साउथ एशिया के डायरेक्टर प्रभजीत सिंह ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि कंपनी का ये प्रयास लोगों को अपने घरों में रहने के लिए किया जा रहा है। जिसकी वजह से COVID-19 (कोरोनावायरस) महामारी को फैलने से रोकने में सरकार की मदद की जा सके। देशव्यापी लॉकडाउन में सरकार ने लोगों को घरों में रहने के लिए हिदायत दी है, ताकि ये महामारी तेजी से न फैल सके और इस पर रोक लगाया जा सके।
Uber इंडिया ने अपने ब्लॉग पोस्ट में ये साफ किया है कि लोगों तक घरों में सामान पहुंचाने के लिए किसी भी तरह का कमीशन नहीं लिया जाएगा। जो भी पैसे कंपनी इस दौरान डिलीवरी के लिए कमाएंगे वो उन ड्राइवर्स को दिए जाएंगे तो अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों के घरों तक सामान डिलीवर करेंगे। कंपनी ने ये भी साफ किया है कि जिस तरह से Big Basket के साथ मिलकर भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करके वो सामान लोगों तक पहुंचा रहा है। वही, दिशा निर्देश वो Flipkart के साथ की गई साझेदारी में भी करेंगे।