पर्जन्य अनुष्ठान के दौरान महाकाल गर्भगृह में 29 घंटे बंद रहेगा प्रवेश
देश में उत्तम बारिश की कामना से महाकालेश्वर मंदिर में 9-10 जून को पर्जन्य अनुष्ठान होगा। इस दौरान करीब 29 घंटे गर्भगृह में दर्शनार्थियों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालु बाहर से ही राजाधिराज के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर प्रशासक जयंत जोशी ने बताया 9 जून की सुबह 7.30 बजे से 10
उज्जैन। देश में उत्तम बारिश की कामना से महाकालेश्वर मंदिर में 9-10 जून को पर्जन्य अनुष्ठान होगा। इस दौरान करीब 29 घंटे गर्भगृह में दर्शनार्थियों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालु बाहर से ही राजाधिराज के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासक जयंत जोशी ने बताया 9 जून की सुबह 7.30 बजे से 10 जून को दोपहर 12 बजे तक अनुष्ठान चलेगा। शासकीय पुजारी पं.घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 101 पुजारी अनुष्ठान करेंगे। अनुष्ठान में गणपति पूजन होगा तथा शृंगी ऋषि की पीतल व मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पीतल की प्रतिमा पर भगवान महाकालेश्वर के साथ सतत् सहस्त्र जलधारा प्रवाहित की जाएगी। ब्राह्मण पर्जन्य मंत्रों की संपुटी के साथ महारुद्र अभिषेक करेंगे। अनुष्ठान के दौरान भगवान का पंचामृत तथा फलों के रस से भी अभिषेक होगा। समापन पर विधि विधान के साथ शृंगी ऋषि की माटी की प्रतिमा को मोक्षदायिनी शिप्रा में विसर्जित किया जाएगा।
देश-दुनिया के भक्त देख सकेंगे अनुष्ठान
देश-दुनिया में रहने वाले भक्त घर बैठे पर्जन्य अनुष्ठान देख सकेंगे। मंदिर की वेबसाइट व महाकाल ऐप पर इसका प्रसारण होगा। अनुष्ठान के दौरान मंदिर के पट निरंतर खुले रहेंगे। स्थानीय भक्त नंदी हॉल के पीछे बेरिकेड्स से दर्शन कर सकते हैं।
10 जून को नंदी हॉल की अनुमति नहीं
महाकालेश्वर मंदिर में तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती दर्शन के लिए 10 मई को नंदी हॉल की अनुमति नहीं मिलेगी। मंदिर प्रशासक के अनुसार अनुष्ठान के चलते इस दिन केवल न्यू हॉल से दर्शन की अनुमति दी जाएगी। नंदी हॉल में केवल पुजारी-पुरोहित रहेंगे। भक्त न्यू हॉल व गैलरी से भस्म आरती के दर्शन कर सकेंगे।
[साभार: नई दुनिया]