शिवभक्तों में उत्साह बरकरार
श्री बाबा अमरनाथ की यात्रा में आधार शिविर यात्री निवास से जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आना शुरू हुई है, लेकिन अभी भी यात्रियों में उत्साह पहले की तरह बरकरार है। पूरे जोश के साथ बाबा भोले के नारों के बीच यात्रा पर जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को आधार शिविर यात्री निवास से कुल
जम्मू, राज्य ब्यूरो। श्री बाबा अमरनाथ की यात्रा में आधार शिविर यात्री निवास से जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आना शुरू हुई है, लेकिन अभी भी यात्रियों में उत्साह पहले की तरह बरकरार है। पूरे जोश के साथ बाबा भोले के नारों के बीच यात्रा पर जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को आधार शिविर यात्री निवास से कुल 852 श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुए। इनमें 628 पुरुष और 219 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। ये यात्री एसआरटीसी के 15 व निजी नौ वाहनों पर सवार होकर सुबह 4.15 पर रवाना हुए। उस समय हल्की बूंदाबांदी भी हो रही थी, मगर यात्रियों का उत्साह चरम पर था। वहीं, परेड से भी सुबह पांच बजे चार गाड़ियों में 158 साधु और 35 साध्वियां दर्शनों के लिए रवाना हुई। इस दौरान पूरा वातावरण शिवमय था। वहीं यात्रा के आगे बढ़ते ही आधार शिविर से रवाना होने वालों की संख्या में भी कमी हो रही है।
पत्थर गिरने से पांच श्रद्धालु घायल
पौनी, संवाद सहयोगी। आधार शिविर रनसू शिवखोड़ी में बुधवार देर शाम बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने से पांच श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों शिवखोड़ी गुफा के पास स्थित डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद चार श्रद्धालुओं को छुंट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला श्रद्धालु को वहां पौनी पीएचसी रेफर किया गया। बाद में वहां से उसे जम्मू जम्मू रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल महिला श्रद्धालु की पहचान सरवती पाल(50) पत्नी आनंद पाल निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश की रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शिवखोड़ी स्थित भोले बाबा की गुफा के प्रांगण में बारिश के कारण बुधवार देर शाम भूस्खलन से पहाड़ी से नीचे पत्थर गिरना शुरू हो गए है। उसकी चपेट में आने से पांच श्रद्धालु घायल हुए हैं। पुलिस व श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों की मदद से अन्य श्रद्धालुओं को देर शाम के बाद दर्शन करने के लिए रोक दिया गया। घटना की जानकारी नायब तहसीलदार पौनी मुंशी राम को दी गई। उसके बाद वह बृहस्पतिवार सुबह अपनी टीम के साथ शिवखोड़ी का जायजा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने पुलिस चौकी व पुजारियों के रहने वाले कमरों को खाली करवाया। पत्थर गिरने से गुफा के निकट कमरों व ट्रैक को काफी नुकसान पहुंचा है। नायब तहसीलदार ने बताया शिवखोड़ी में स्थिति का जायजा लेने के बाद यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। उन्होंने दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को पत्थर गिरने के बारे में अवगत कराते हुए सतर्क रहने को कहा।
साथ ही श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के कर्मियों व पुलिस के जवानों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिलकुल तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने कर्मियों से कहा कि वह पर्ची काउंटर पर श्रद्धालुओं को पर्ची लेते समय टै्रक पर पत्थर गिरने के जानकारी दें ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए गुफा की और आगे जाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो सके।