Guruvar Vishnu Puja: आज गुरुवार को करें भगवान विष्णु की पूजा, घर में आएगी सुख, समृद्धि और शांति
Guruvar Vishnu Puja भगवान विष्णु की पूजा के लिए गुरुवार को सबसे शुभ और उत्तम बताया गया है। ऐसी भी मान्यता है कि मां लक्ष्मी और श्री हरि विष्णु की एक साथ पूजा करने से आपका जीवन खुशियों से भर जाएगा। आपके परिवार में सुख समृद्धि और शांति आएगी।
Guruvar Vishnu Puja: हिन्दू धर्म में गुरुवार के दिन भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा का विशेष महत्व होता है। वैसे तो हिंदू धर्म में सभी दिनों का अपना महत्व है, लेकिन भगवान विष्णु की पूजा के लिए गुरुवार के दिन को सबसे शुभ और उत्तम बताया गया है। ऐसी भी मान्यता है कि मां लक्ष्मी और श्री हरि विष्णु की एक साथ पूजा करने से आपका जीवन खुशियों से भर जाएगा। आपके परिवार में सुख, समृद्धि और शांति आएगी। गुरु यानी बृहस्पति को देवताओं का गुरु भी कहा जाता है। ज्योतिष में गुरु को धन, सुखी पारिवारिक जीवन और संतान का कारक भी माना जाता है। ऐसी भी मान्यता है कि अगर कुंडली में गुरु खराब है, तो मनुष्य अपने जीवन में कभी भी सफल नहीं हो पाता। पुराणों में बताया गया है कि गुररवार के दिन पीली चीजों का दान बहुत शुभ होता है। इस दिन केसर, पीला चंदन या फिर हल्दी का दान करने से गुरु मजबूत होता है और आपको आरोग्य और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है।
गुरुवार को विष्णु पूजा
गुरुवार के दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना के लिए कई विधियां बताई गई हैं। इस दिन आप कुछ आसान उपाय करके अपनी किस्मत बदल सकते हैं। आज जागरण आध्यात्म में जानिए गुरूवार को किए जाने वाले कुछ आसान उपायों के बारे में।
1. गुरुवार के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करते हुए ‘ॐ बृ बृहस्पते नमः’ और ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ का जाप करें। साथ ही किसी भी तरह के दोष को दूर करने के लिए पानी में चुटकी भर हल्दी डालकर स्नान करें और फिर पीले कपड़े पहनें।
2. स्नान के बाद भगवान विष्णु की मूर्ती के सामने घी का दीपक जलाएं और पीले रंग के फूलों के साथ भगवान को तुलसी का भोग लगाएं। फिर हल्दी, चंदन या केसर से श्री हरि का अभिषेक करें तथा अपने माथे पर तिलक लगाएं।
3. शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान विष्णु को पीले रंग की चीजें बहुत प्रिय हैं, इसलिए गुरुवार के दिन ब्राह्मणों को पीले रंग की वस्तुएं जैसे- चने की दाल, फल आदि दान करें।
4. गुरुवार का व्रत करने वाले व्यक्ति को केले के पौधे की पूजा जरूर करनी चाहिए और सत्यनारायण व्रत की कथा भी जरूर सुननी चाहिए। ऐसा करने से विवाह में आने वाली सभी दिक्कतें समाप्त हो जाती हैं।
5. गुरुवार के दिन किसी को उधार नहीं देना चाहिए और ना ही किसी से उधार लें। अगर आप ऐसा करते हैं तो आपकी कुंडली में गुरु की स्थिति खराब हो सकती है और आपको आर्थिक बदहाली का सामना करना पड़ सकता है।
गुरुवार के दिन इन मंत्रों का करें जाप
1. ॐ बृं बृहस्पतये नम:।
2. ॐ क्लीं बृहस्पतये नम:।
3. ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं स: गुरवे नम:।
4. ॐ ऐं श्रीं बृहस्पतये नम:।
5. ॐ गुं गुरवे नम:।