Rajasthan: अजय माकन और गोविंद सिंह डोटासरा ने रामदेवरा में की पूजा-अर्चना
Rajasthan अजय माकन व गोविंद सिंह डोटासरा सपरिवार के साथ रामदेवरा पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों ने सपत्नीक लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि पर प्रसाद और चादर चढ़ाकर अमन-चैन और खुशहाली की कमान की
जोधपुर, संवाद सूत्र। कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश प्रभारी अजय माकन व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा सपरिवार के साथ रामदेवरा पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों ने सपत्नीक लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि पर प्रसाद और चादर चढ़ाकर देश- प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली की कमान की। इस दौरान प्रदेश के अल्प संख्यक मामले के कैबिनेट मंत्री व पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद साथ रहे। रामदेवरा पहुंचने पर कांग्रेस के नेताओं का स्वागत भी किया गया। वहीं, मुख्य पुजारी ने विधिवत पूजा-अर्चना करवा कर प्रदेश प्रभारी अजय माकन को आचमन करवाया।
इसके बाद माकन ने बाबा रामदेव की अनन्य भक्त डालीबाई की समाधि के भी दर्शन करके पूजा-अर्चना की। रामदेवरा पहुंचने पर माकन ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध रामदेवरा धाम एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थली है। इसके विकास और रामदेवरा को पर्यटन स्थली के रूप में विकास करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सदैव तत्पर हैं। इस मौके पर तंवर समाज द्वारा सभी का साफा पहनाकर व बाबा की तस्वीर भेंट करके अभिनंदन किया गया। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माला व बाबा की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया।
बजट में अशोक गहलोत ने हर वर्ग का रखा ध्यानः अजय माकन
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने एक दिन पहले पेश किए गए राज्य सरकार की बजट की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को धन्यवाद है। मुख्यमंत्री गहलोत का यह बजट सर्व हितार्थ है। मुख्यमंत्री ने बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा है। कोरोना संक्रमण के राजस्थान में हालात नियंत्रण में हैं। कोरोना के बाद अब सरकार राज्य में पर्यटन के बढ़ाव के प्रयास कर रही है। आने वाले विधानसभा उपचुनावों में भी जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। पूर्व में नगर निकाय चुनावों में भी राज्य की जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है।
मरु महोत्सव का आगाज
राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर में मरू मेले का आगाज हुआ। जैसलमेर के आराध्य भगवान लक्ष्मीनाथ की आरती से चार दिवसीय मरु महोत्सव का आगाज हुआ। इसका आयोजन राजस्थान पर्यटन विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। बुधवार शाम सोनार दुर्ग स्थित प्राचीनतम व जनास्था के केंद्र भगवान लक्ष्मीनाथ की आरती से इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई । कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन और राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भी महोत्सव के उद्घाटन के अवसर पर शिरकत की। चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव से राजस्थान पर्यटन को बड़ी उम्मीद है।