राजस्थान में 'जीका' वायरस ने दी दस्तक
राजस्थान में जीका वायरस ने दस्तक दी है। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल प्रशासन ने 86 साल की एक महिला में जीका वायरस होने की पुष्टि की है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में "जीका "वायरस ने दस्तक दे दी है। जयपुर स्थित राज्य के सबसे बड़े सवाई मानसिंह अस्पताल प्रशासन ने 86 साल की एक महिला में जीका वायरस होने की पुष्टि की है।
एसएमएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.यृ.एस.अग्रवाल ने बताया कि महिला जयपुर के शासत्री नगर की निवासी है। संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुणे की लैब में री-कन्फर्मेशन में पॉजीटिव मरीज की पुष्टि हुई।
जीका वायरस ने चिकित्सा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ ने बताया कि अधिकारियों और चिकित्सकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए है।
यह है जीका वायरस
दरअसल जीका एक वायरस है जो एडीज, एजिप्टी और अन्य मच्छरों से फैलता है। ये चिकनगुनिया और डेंगू भी फैलाते हैं। जीका के लक्षणों में बुखार, जोड़ो का दर्द, शरीर पर लाल चकत्ते, थकान, सिर दर्द और आंखों का लाल होना आदि शामिल है।
इससे माइक्रोकेफेली का खतरा होता है। इससे प्रभावित बच्चे का जन्म आकार में छोटे और अविकसित दिमाग के साथ होता है। इसके अलावा इससे ग्यूलेन-बैरे का भी खतरा होता है। इसमें सिंड्रोम शरीर के तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है जिससे लोग लकवा का शिकार हो जाते हैं।