Rajasthan: पंचायत चुनाव में हारी महिला प्रत्याशी पर विधायक के सामने नेता को पीटने का आरोप
Rajasthan राजस्थान पंचायत चुनाव में खुद की हार से नाराज एक महिला कार्यकर्ता ने नेता की पिटाई कर दी। पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़कर हारी महिला कार्यकर्ता ने विधायक की मौजूदगी में पार्टी नेता की पिटाई की।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के कोटा जिले में पिछले महीने हुए पंचायत चुनाव में खुद की हार से नाराज एक महिला कार्यकर्ता ने भाजपा नेता की चप्पल से पिटाई कर दी। पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़कर हारी महिला कार्यकर्ता हेमलता मेहरा ने भाजपा विधायक मदन दिलावर की मौजूदगी में पार्टी नेता नितिन शर्मा की चप्पल से पिटाई की। यह घटनाक्रम दो दिन पुराना बताया जा रहा है, इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर रविवार को वायरल हुआ है। कोटा जिले के चेचट में दो दिन पहले विधायक दिलावर कालेज के निर्माण को लेकर चल रहे धरने को खत्म कराने के लिए पहुंचे थे। यह धरना भाजपा कार्यकर्ता पिछले चार दिन से दे रहे थे। इसी दौरान हेमलता ने अपनी हार के लिए नितिन को जिम्मेदार बताया। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी की कुछ ही देर में हेमलता ने नितिन की चप्पलों से पिटाई कर दी। विधायक सहित अन्य लोगों ने हेमलता को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। करीब दस मिनट तक मारपीट का घटनाक्रम चला। आखिरकार बड़ी मुश्किल से हेमलता और नीरज को अलग किया गया। विधायक ने घटना की निंदा की है।
गौरतलब है कि राजस्थान भाजपा में आंतरिक खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। नेताओं की आपसी कलह और खेमेबंदी मिटाने के लिए चिंतन शिविर आयोजित कर एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह लगातार नेताओं में समन्वय कायम कराने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन नेताओं पर इसका कोई खास असर नहीं हुआ है। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से करीब पौने दो साल पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर खेमेबंदी बढ़ती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थक उन्हें सीएम पद का स्वभाविक चेहरा मान रहे हैं। पिछले दो माह में वसुंधरा राजे ने धार्मिक यात्रा के बहाने एक दर्जन जिलों का दौरा कर आम मतदाताओं के साथ कार्यकर्ताओं का मन टटोला है। धार्मिक यात्रा में भीड़ जुटाकर वसुंधरा राजे ने अपनी ताकत का अहसास भी करवाया है। अब प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जिलों में जाकर खुद को सीएम फेस के रूप में प्रोजेक्ट करने में जुटे हैं।