Rajasthan: पत्नी पीहर से नहीं लौटी तो पति ने खुद के शरीर को 100 जगह से काटा
Rajasthan अलवर जिले के छापर गांव में नाराज हो कर पीहर गई पत्नी कई बार आग्रह करने पर भी ससुराल नहीं लौटी तो पति ने खुद के शरीर को उस्तरे और ब्लेड से करीब सौ जगह से काट लिया। चिकित्सकों ने एक सौ कट होने की बात कही है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में अलवर जिले के छापर गांव में नाराज हो कर पीहर गई पत्नी कई बार आग्रह करने पर भी ससुराल नहीं लौटी तो पति ने खुद के शरीर को उस्तरे और ब्लेड से करीब सौ जगह से काट लिया। चिकित्सकों ने एक सौ कट होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद कैफ (22) की तीन साल पहले सरजीना (20) से हुई थी। दोनों के बीच पिछले महीने विवाद हो गया था। इस पर सरजीना अपने पीहर नाहरपुर गांव चली गई। कैफ ने कई बार पत्नी को मनाकर लाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आई। इस पर 14 मई की रात को कैफ ने पहले तो नशे की गोलियां खाईं और फिर उस्तरे और ब्लेड से खुद के शरीर को करीब सौ जगह पर काट लिया। कैफ दवाई की दुकान पर काम करता है। घर पर कट लगाने के बाद कैफ रास्ते में आकर गिर गया। अगले दिन 15 मई को लोगों ने देखा तो उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस उप अधीक्षक प्रेम बहादुर ने बताया कि कैफ के स्वजन भी कुछ दिन से बाहर गए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि गत दिनों भरतपुर जिले में एक व्यक्ति ने दहेज के लालच में अपनी पत्नी और नौ महीने के बच्चे की आग लगाकर हत्या कर दी। मृतक महिला के पिता ने आरोप लगाया कि पति और उसके ससुराल वालों ने मांग के अनुसार दहेज नहीं मिलने के कारण उन्हें जलाकर मार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मृतका के पिता को सौंपा दिया। भरतपुर जिले में चिकसाना पुलिस थाना क्षेत्र के सैंथरा गांव निवासी दिगंबर सिंह का विवाह साल, 2020 में बछामदी गांव के निवासी भगवान सिंह की बेटी श्रीमती के साथ हुआ था। मृतका के पिता भगवान सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए कहा कि दिगंबर सिंह और उसके स्वजन शादी के बाद से ही दहेज की मांग कर रहे थे। शादी में हैसियत के हिसाब से खर्च करने के साथ ही दहेज भी दिया था। लेकिन मृतका के ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। भगवान सिंह ने कहा कि दिगंबर ने मौका देखकर पत्नी और बच्चे की आग लगाकर हत्या कर दी।