Move to Jagran APP

Rajasthan: वसुंधरा राजे ने निम्बार्क तीर्थ में किए देव दर्शन, पाली में भव्य स्वागत

Rajasthan वसुंधरा राजे ने देव दर्शन यात्रा के तहत शनिवार को अजमेर जिले के किशनगढ़ उपखंड स्थित सलेमाबाद निम्बार्क तीर्थ पर निम्बार्कचार्य श्यामशरण के सान्निध्य में देव दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने सर्वेश्वर प्रभु मंदिर में पूजा-अर्चना की।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sat, 27 Nov 2021 04:40 PM (IST)Updated: Sat, 27 Nov 2021 06:49 PM (IST)
Rajasthan: वसुंधरा राजे ने निम्बार्क तीर्थ में किए देव दर्शन, पाली में भव्य स्वागत
वसुंधरा राजे ने निम्बार्क तीर्थ में किए देव दर्शन। फाइल फोटो

अजमेर, संवाद सूत्र। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने देव दर्शन यात्रा के तहत शनिवार को अजमेर जिले के किशनगढ़ उपखंड स्थित सलेमाबाद निम्बार्क तीर्थ पर निम्बार्कचार्य श्यामशरण के सान्निध्य में देव दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने सर्वेश्वर प्रभु मंदिर में पूजा-अर्चना की। श्यामशरण देवाचार्य से राजे ने विभिन्न विषयों पर मंत्रणा व चर्चा की। पूर्व मंत्री यूनुस खान इस दौरान राजे के साथ रहे। निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद में उपस्थित जनसमूह को राजे ने संबोधित किया और अपनी इस देव दर्शन यात्रा का मकसद बताया। राजे ने कहा कि लोगों से विगत 20-25 साल से जुड़ाव रहा है। यहां के लोगों में प्रेम का एक रिश्ता है। बहुत से लोग उनके सामने बड़े हुए हैं, बहुत लोग बड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी के साथ उनका प्यार हमेशा से ही रहा है। इस मौके पर निम्बार्कचार्य ने राजे को आशीर्वाद स्वरूप दुशाला दिया।

loksabha election banner

अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, युवा नेता विकास चौधरी सहित जनप्रतिनिधि इस यात्रा में मौजूद रहे। इससे पहले राजे हेलीकाप्टर से निम्बार्क पीठ सलेमाबाद पहुंचीं। निम्बार्क तीर्थ सागरमाला के पास उनका हेलीकाप्टर से उतरते ही ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने नाचते गाते हुए भव्य स्वागत किया। हेलीपेड के पास जिला सरपंच संघ अधयक्ष हरिराम बाना ने 151 किलो फूलों की राजे को माला पहनाई। सागरमाला से निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद निम्बार्कपीठ पहुंचने पर पहले मंदिर परिसर में वेद विद्यार्थियों ने  राजे का स्वागत किया। भगवान सर्वेश्वर प्रभु ठाकुर राधामाधव की पूजा-अर्चना कर वसुंधरा ’राजे ने निम्बार्क चार्य श्यामशरण देवाचार्य से आशीर्वाद लिया। आशीर्वाद स्वरूप राजे को  दुशाला व प्रसाद दिया गया। इस दौरान सांसद भागीरथ चौधरी, देहात उपाध्यक्ष सुदर्शन इन्दोरिया, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह नोसल, भाजपा नेता विकास चौधरी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात राजे ने किशनगढ़ में विश्राम किया था। अजमेर से लौटने पर वे उद्योगपति व मार्बल व्यापारी आरके मार्बल के विश्राम गृह में रहीं। सुबह यहां आरके मार्बल चेयरमैन अशोक पाटनी सुरेश पाटनी के साथ नाश्ता लिया। राजे ने आरके मार्बल फैक्ट्री यार्ड का विजिट किया और मार्बल की बारीकियां जानीं। राजे ने हेलीकाप्टर से मार्बल डंपिंग यार्ड का भी हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान मार्बल व्यवसायी महावीर कोठारी, शशिकांत पाटोदिया सहित आरके परिवार के लोग मौजूद रहे।

पाली में वसुंधरा राजे ने कहा, यह अपनों से मिलने की यात्रा है 

जोधपुर, संवाद सूत्र। यह अपनों से मिलने की यात्रा है। कोविड ने हमें दूर कर दिया, अब थोड़ी राहत है तो मैं बिछड़े हुए कार्यकर्ताओं के परिवार का दुख बांटने आई हूं। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का, जिनकी यात्रा शनिवार को जोधपुर संभाग में प्रवेश कर गई। जोधपुर संभाग के

पाली जिले में आगमन पर राजे का जोरदार स्वागत किया गया। शनिवार दोपहर को निर्धारित कार्यक्रम से करीब दो घंटे देरी से पहुंचीं राजे के पहुंचने के साथ ही समर्थकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। बांगड़ कालेज में  राजे ने कहा कि आप के दिलों में मैं हूं, यही बहुत है। दो साल हम दूर रहें, अब भगवान से दुआ करने निकली हूं कि सब सुरक्षित व स्वस्थ रहें। हम सब एक रहे तो एक-दूसरे की ताकत बनेंगे। आप हमेशा मेरे साथ रहे हैं।

कहने को तो राजे इन दिनों गैर राजनीतिक यात्रा देवदर्शन व संवेदना दौरे पर हैं, पर पार्टी में उनके गुटबाजी को लेकर उनके समर्थक लोग ही पहुंच रहे हैं। पाली के बाद बिलाड़ा में भी वसुंधरा राजे पहुंचीं, लेकिन वहां भी उनके हेलीकाप्टर को देखने के लिए ज्यादा लोग उमड़े। इधर, जयपुर से अशोक परनामी पिछले तीन दिनों से पाली में डेरा जमाए हुए हैं और वसुंधरा की संपूर्ण यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं में जुटे नजर आए।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर पाली विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व मंत्री बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह, सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत, सोजत की विधायक शोभा, सांसद पीपी चौधरी, जोधपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगतनारायण जोशी जिला प्रमुख, प्रधान, पार्षद व नगर परिषद सभापति, चेयरमैन सभी स्वागत के लिए पहुंचे। वसुंधरा राजे पाली यात्रा के दौरान वे पूर्व जिलाध्यक्ष गंगा सिंह राजपुरोहित, पूर्व सांसद पुष्प जैन, सुभाष लोढ़ा आदि के निवास स्थान पर गईं। राजे मदन राठौड़ के निवास पर भी गईं, यहां उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात् वे जैतारण विधायक अविनाश गहलोत के यहां रवाना होकर दोपहर बाद बिलाड़ा पहुंचीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.