Rajasthan Politics: केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा -मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ तो प्रदेश सरकार दो भागो में बंट कर गिर जाएगी
Rajasthan Politics केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। प्रशासन के ऊपर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। रीट परीक्षा के अंदर जिस तरीके से नकल हो रही है पेपर परीक्षा से पहले आउट हो जाते हैं। स्टूडेंट प्रतियोगी परीक्षा के लिए मेहनत करता है।
बाड़मेर, जागरण संवाददाता। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। बाड़मेर विधानसभा की मंडल सशक्तिकरण को लेकर गुरुवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोला। चौधरी ने कहा, राजस्थान में सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया तो सरकार दो भागों में बंट जाएगी और सरकार गिर जाएगी इसलिए गहलोत घर के अंदर ही बैठे-बैठे सरकार बचाने की कोशिश कर रहे है। राजस्थान में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। प्रशासन के ऊपर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। रीट परीक्षा के अंदर जिस तरीके से नकल हो रही है पेपर परीक्षा से पहले आउट हो जाते हैं। स्टूडेंट प्रतियोगी परीक्षा के लिए मेहनत करता है। मेहनत कर परीक्षा दे देता है। उसके बाद उसे पता चलता है कि पेपर तो आउट हो गया है। स्टूडेंट का समय भी बर्बाद होता है और उसकी ऊर्जा भी खत्म होती है। यह स्टूडेंट के साथ अन्याय है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री सरकार बचाने में लगे हुए हैं और डेढ़ साल से घर से बाहर नहीं निकले हैं। सीएम कैसे प्रदेश को संभाल सकते है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता से सीधा संवाद करते हैं, चाहे मीडिया के माध्यम से हो या फिर जनता के बीच जाकर संवाद करना हो।
एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री बोले, सीएम गहलोत को लग रहा है कि पंजाब के हालात राजस्थान में न बन जाएं और कुर्सी को बचाने के लिए दिल्ली जा रहे होंगे। जनता के लिए जनता के बीच में जाना चाहिए।