Rajasthan: उदयपुर में सड़क हादसे में दो जैन संत घायल, एक ही हालत गंभीर
Rajasthan उदयपुर के गींगला थाना क्षेत्र के ओडवाड़िया मार्ग पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार ने दो जैन संतों को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क हादसे में घायल इन संतों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान में उदयपुर जिले के गींगला थाना क्षेत्र के ओडवाड़िया मार्ग पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार ने दो जैन संतों को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क हादसे में घायल इन संतों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों जैन संतों का उपचार सलूंबर के जिला अस्पताल में जारी है। सड़क हादसे में तीन संत और उनके साथ जा रहे श्रावक बाल-बाल बच गए। पता चला है कि राष्ट्र गौरव चतुर्थ पट्टाचार्य सुनील सागर गुरुराज ससंघ का जिले के करवाली गांव से उदयपुर शहर की ओर विहार चल रहा है। ऐसे में जैन संत श्रावकों के साथ करावली गांव से विहार कर ओड़वाडिया प्रस्थान कर रहे थे। इसी दौरान संतों के ससंघ को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो संत घायल हो गए। जिसमें एक संत की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, सड़क हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।
संतों की सकुशलता के लिए प्रार्थना
इस बीच, कार चालक मौके पर वाहन छोड़ भागा। सूचना मिलते ही गींगला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही इस घटना की जानकारी जैन समुदाय के लोगों को मिली तो उन्होंने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिया। आनन-फानन में समाज के लोगों और पुलिस ने घायल संतों को सलूंबर अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि संत ससंघ द्वारा ओड़वाडिया जैन मंदिर पहुंचने के बाद जावद के लिए विहार करने वाले थे। इधर, हादसे को लेकर जैन समाज के लोग और श्रावक और श्राविकाओं ने संतों की सकुशलता के लिए प्रार्थना में जुट गए। पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाली कार बरामद कर ली। जिसकी जांच में उसके अंदर शराब की खाली बोतलें मिलीं। फिलहाल, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। साथ ही, कार के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर उसके चालक के बारे में जानकारी जुटाने में भी लगी है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।