रिश्वत लेते दो कर्मचारी गिरफ्तार, राजसमंद एसीबी टीम ने चित्तौडग़ढ़ में की कार्रवाई
ष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजसमंद की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।
उदयपुर, जेएनएन। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजसमंद की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों चित्तौडग़ढ़ जिले से हैं तथा इनमें से एक कपासन स्थित पंचायत समिति में कनिष्ठ तकनीकी सहायक, जबकि दूसरा पाण्डोली ग्राम पंचायत में सहायक सचिव पद पर नियुक्त है।
एसीबी ने सहायक सचिव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जबकि मामले में लिप्त कनिष्ठ तकनीकी सहायक को देर शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि पाण्डोली के छगनलाल ने राजसमंद स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में गत 26 दिसम्बर को शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि उसने अपना खेत-अपना काम योजना के तहत ट्रैक्टर चलाते हुए स्वयं एवं अन्य किसानों के खेतों पर मिट्टी डाली थी। इसकी एवज में उसने दो लाख रुपए के बिल बनाकर पंचायत समिति कपासन के कनिष्ठ तकनीकी सहायक जवाहर नगर चित्तौडगढ़़ निवासी दीपक सिंह और पाण्डोली ग्राम पंचायत में सेवारत सहायक सचिव जेलवालों का खेड़ा हथियाना निवासी हिम्मतलाल जाट के समक्ष प्रस्तुत किए।
दोनों कर्मचारियों ने उसके बिल पास करने के एवज में दस फीसदी राशि रिश्वत के रूप देने की बात कहते हुए 20 हजार रुपए मांगे थे। एसीबी ने शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रेप की कार्रवाई की। ग्राम पंचायत पाण्डोली के सहायक सचिव हिम्मतलाल जाट ने छगनलाल को अपने ऑफिस बुलाया। जहां उसके रिश्वत लेते ही ब्यूरो टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
मामले में उसके बयान तथा लिप्तता पाए जाने के बाद ब्यूरो की टीम ने देर शाम पंचायत समिति कपासन में सेवारत कनिष्ठ तकनीकी सहायक दीपक कुमार को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने बिल सम्बंधित दस्तावेज जब्त किए तथा गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों को लेकर राजसमंद रवाना हो गए। एसीबी ने बताया कि तकनीकी सहायक दीपक कुमार सहायक सचिव हिम्मतलाल जाट के माध्यम से रिश्वत लेते आया है। इस मामले में भी उसने रिश्वत की राशि के लिए सहायक सचिव के पास भेज दिया। पहले भी वह इसी के माध्यम से रिश्वत ले चुका है।