Self Defense And Career Training: राजस्थान के कॉलेजों में छात्राओं को दिया जाएगा आत्मरक्षा व कॅरियर संबंधी प्रशिक्षण
Self Defense And Career Training. राजस्थान के कॉलेजों में छात्राओं को आत्मरक्षा व कॅरियर संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। राजस्थान के कॉलेजों में अब छात्राओं को आत्मरक्षा, महिला अधिकार तथा अन्य महिलाओं से जुड़े कानूनों की जानकारी के साथ ही कंप्यूटर शिक्षा और किसी व्यवसायिक कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने इंदिरा प्रियदर्शनी स्वर्णिम उड़ान योजना शुरू की है और पहले चरण में राज्य के दस सरकारी कॉलेजों में इस योजना के केंद्र शुरू किए गए हैं। राजस्थान में लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाएं लगाातर बढ़ रही हैं।
राष्ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट में इस मामले में राजस्थान का देश भर में चौथा स्थान है। इसी को देखते हुए सरकार ने इस योजना के जरिए कॉलेज स्तर पर ही छात्राओं को आत्मरक्षा और महिलाओं से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी देने की शुरआत की है। इसके साथ ही छात्राओं को कंप्यूटर और किसी रोजगारपरक कोर्स का प्रशिक्षण भी कॉलेज स्तर पर ही दिया जाएगा, ताकि जब वे कॉलेज से निकलें तो उन्हें स्वरोजगार करने या कोई नौकरी मिलने में ज्यादा परेशानी न हो। यह योजना वैसे तो राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों में लागू की जाएगी, लेकिन पहले चरण में राज्य के दस सरकारी कन्या कॉलेजों भरतपुर, बीकानेर, बारां, अलवर, उदयपुर, अजमेर, कोटा भीलवाड़ा, बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ में इंदिरा प्रियदर्शनी स्वर्णिम उड़ान योजना के केंद्र शुरू किए जा रहे हैं।
इन केंद्रों पर छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुख शिक्षा केंद्रित प्रशिक्षण, आत्मरक्षा और स्वास्थ्य ज्ञान, महिला अधिकार, घरेलू हिंसा कानून, कार्यस्थल पर यौन शोषण रोकथाम, पोक्सो एक्ट, बाल व महिला तस्करी विरोधी कानून, बाल विवाह रोकथाम और महिला शिक्षा के बारे में जानकारियां और प्रशिक्षण दिया जाएगा। कॉलेज शिक्षा आयुक्त प्रदीप बोरड़ के अनुसार कॉलेजों में पढाई के समय के बाद छात्राओं के लिए प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके लिए कॉलेज के क्षेत्र में चलने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाएगी। इसके अलावा सभी कॉलेजों को योजना की मासिक रिपोर्ट कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय में भेजनी होगी। इन कार्यक्रमों से कॉलेज की सभी छात्राओं को जोड़ा जाएगा।