Move to Jagran APP

Rajasthan Urban Body Polls: राजस्थान नगर निकाय चुनाव में 1197 में कांग्रेस व 1140 वार्डों में भाजपा जीती

Rajasthan Urban Body Polls राजस्थान नगर निकाय चुनाव में 1197 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की 1140 वार्डों में भाजपा उम्मीदवार जीते। शेष वार्डों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 46 राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को 13 बसपा को दो और माकपा को तीन वार्डों में जीत मिली है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sun, 31 Jan 2021 06:10 PM (IST)Updated: Sun, 31 Jan 2021 09:45 PM (IST)
Rajasthan Urban Body Polls: राजस्थान नगर निकाय चुनाव में 1197 में कांग्रेस व 1140 वार्डों में भाजपा जीती
राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस आगे, भाजपा सांसद की पत्नी हारी। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan Urban Body Polls: राजस्थान में 20 जिलों के 90 नगर निकायों के लिए तीन दिन पहले हुए मतदान की मतगणना रविवार को हुई। कुल 3029 वार्डों में चुनाव हुए थे। इनमें से 1197 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, वहीं 1140 वार्डों में भाजपा उम्मीदवार जीते। शेष वार्डों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 46, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को 13, बहुजन समाज पार्टी को दो और माकपा को तीन वार्डों में जीत मिली है। 634 वार्डों में निर्दलियों का कब्जा हुआ है। पार्षदों का चुनाव परिणाम रविवार को घोषित होने के बाद अब सात फरवरी को महापौर व चेयरमैन का चुनाव होगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अजय माकन का दावा है कि 48 निकायों में कांग्रेस भाजपा के मुकाबले आगे है।

loksabha election banner

वहीं चार निकायों में निर्दलीय कांग्रेस के समर्थन से आए हैं। इस तरह कांग्रेस के 52 चेयरमैन (बोर्ड) बनने की संभावना है। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि वोट प्रतिशत में दोनों पार्टियों के बीच अधिक अंतर नहीं है। करीब डेढ़ से दो प्रतिशत का ही अंतर है। लेकिन सरकार में होने के कारण कांग्रेस ने निर्दलियों को अपने कब्जे में लेना अभी से शुरू कर दिया है। अजमेर नगर निगम में भाजपा को मिले बहुमत के लिहाज से यहां उसका महापौर बनना तय है। कुल 30 निकायों में भाजपा को बहुमत मिला है। शेष आठ निकायों में अन्य दलों व निर्दलियों को बहुमत मिला है।

निर्दलियों को साधने में जुटी पार्टियां

महापौर व चेयरमैन के लिए सात फरवरी को होने वाले मतदान के दिन ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस पार्टी का कितने शहरी निकायों में कब्जा हुआ है। पार्षदों का परिणाम आने के बाद अब कांग्रेस और भाजपा अधिक से अधिक निकायों में अपने चेयरमैन बनाने में जुट गई है। चुनाव में उदयपुर नगर परिषद चुनाव में भाजपा सांसद अर्जुन लाल मीणा की पत्नी चुनाव हार गई। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्वाचन क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस और भाजपा को बराबर सीटें मिली हैं, यहां निर्दलियों के समर्थन से ही चेयरमैन बनेगा।

प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी व उच्च शिक्षामंत्री भंवर सिंह भाटी के निर्वाचन क्षेत्र देशनोक में कांग्रेस जीती है। वहीं, वक्फ मंत्री सोलेह मोहम्मद के निर्वाचन क्षेत्र पोकरण में कांग्रेस पिछड़ गई। वनमंत्री सुखराम विश्नोई के निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा को समान 16-16 सीटें मिली हैं, यहां तीन निर्दलीय पार्षद जिसके भी समर्थन में जाएंगे, उसी पार्टी का बोर्ड बनेगा। उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के नावां में कांग्रेस भाजपा के मुकाबले पिछड़ गई, भींडर नगर पालिका में भाजपा व जनता सेना के बीच बराबर का मुकाबला है। यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर है। डूंगरपुर में पहली बार भाजपा को सफलता मिली है। पाली जिले के रानी, जैतारण और बाली में भाजपा को बहुमत मिला है। नागौर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.