Rajasthan: आम आदमी पार्टी की राष्ट्र निर्माण यात्रा की शुरुआत
Aam Aadmi Party. राजस्थान में पार्टी को सक्रिय करने में जुटी आम आदमी पार्टी की राष्ट्र निर्माण यात्रा रविवार से शुरू हुई। यह यात्रा दो चरणों में की जाएगी।
जयपुर, जेएनएन। Aam Aadmi Party. आने वाले नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में राजस्थान में पार्टी को सक्रिय करने में जुटी आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्र निर्माण यात्रा रविवार से शुरू हुई। यह यात्रा दो चरणों में की जाएगी। जिसमें से पहले चरण की शुरुआत रविवार को की गई। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रामपाल जाट ने राष्ट्रीय नवनिर्माण यात्रा शुरू की। यात्रा जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई। रामपाल जाट ने बताया कि यात्रा पहले चरण में दो मार्च को सीकर, तीन मार्च को गंगानगर, चार मार्च को बीकानेर, पांच मार्च को जोधपुर, छह मार्च को अजमेर, सात मार्च को उदयपुर, आठ मार्च को कोटा में जाकर संपन्न होगी। वहीं, इसके बाद दूसरा चरण 14 मार्च से शुरू होगा, जो 23 मार्च तक चलेगा।
यात्रा की शुरुआत में मीडिया से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि अब आरोप प्रत्यारोप नहीं काम के आधार पर वोट मांगे जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीते चुनाव में राजस्थान में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, लेकिन अब दौर बदल चुका है। जाट ने दावा किया कि अब आम आदमी पार्टी के उठने का दौर शुरू हो चुका है। जो राजनीतिक दल पिछले चुनाव में उठे थे उनके नीचे आने का समय शुरु हो चुका है। जाट के अनुसार, यात्रा के दौरान हर जिले में आम मतदाताओं तक पहुंचकर पार्टी की रीति नीति और विचारधारा से उन्हें जोड़ा जाएगा। साथ ही, वे तमाम मुद्दें जिनके आधार पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी उनके बारे में राजस्थान के लोगों से भी चर्चा होगी।
जाट ने कहा कि आज बिजली, पानी, स्वास्थ्य और न्याय आम आदमी को निशुल्क होना चाहिए, क्योंकि इसके लिए आम इंसान टैक्स भरता है, लेकिन आज भी देश की जनता को इसके लिए अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि करदाता को अपने टैक्स के पैसे का हिसाब मांगने का अधिकार है। इसीलिए हम चाहते हैं कि आम आदमी पार्टी का विस्तार पूरे देश में हो। जाट ने कहा कि हर प्रदेश के अलग मुद्दे होते हैं और राजस्थान के भी अलग मुद्दे हैं। इन मुद्दों को लेकर आने वाले नगर निगम के चुनाव और पंचायत समितियों के चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को उतारा जाएगा। वहीं, प्रदेश सचिव देवेन्द्र शास्त्री ने कहा कि छदम राष्ट्रवाद को नकार कर असली राष्ट्रवाद की ओर चलने की जरूरत है। इसी दृष्टि से यह यात्रा निकाली जा रही है।