Farmers Protest: राजस्थान के करौली में राकेश टिकैत बोले, लंबे समय तक आंदोलन चलाने को किसान तैयार
Farmers Protest राजस्थान के करौली में सभा को संबोधित करत हुए राकेश टिकैत ने फिर दोहराया कि अगर नए कृषि कानून वापस नहीं लिया तो इस बार आह्वान संसद घेरने का होगा। वहां चार नहीं 40 लाख ट्रैक्टर जाएंगे।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Farmers Protest: किसान नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, लंबे समय तक किसान आंदोलन चलाने के लिए किसान तैयार है। मोदी सरकार किसानों के साथ ज्यादती कर रही है। केंद्र सरकार की हठधर्मिता के कारण किसानों को काफी नुकसान भुगतना पड़ रहा है। केंद्र सरकार आंदोलन को खत्म नहीं कराना चाहती। कृषि कानून किसानों के साथ उपभोक्ताओं के लिए भी नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस लेने और एमएसपी पर कानून बनाने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को राजस्थान के करौली में सभा को संबोधित करत हुए टिकैत ने फिर दोहराया कि अगर नए कृषि कानून वापस नहीं लिया तो इस बार आह्वान संसद घेरने का होगा। वहां चार नहीं 40 लाख ट्रैक्टर जाएंगे। इसके लिए उन्होंने किसानों से तैयार रहने का आह्वान किया। किसान आंदोलन को हाली और पाली ही चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के समर्थन में वे 24 मार्च तक राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर सभा करेंगे और फिर उसके बाद असम, कर्नाटक व दक्षिण के अन्य राज्यों में जाएंगे। किसान आंदोलन से किसी भी राजनीतिक दल का कोई वास्ता नहीं है। टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ नहीं बल्कि कुछ बड़े व्यापारियों व उद्योगपतियों के साथ है। उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए ही किसानों को गर्त में डाला जा रहा है। इस दौरान योगेंद्र यादव ने प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को शाहजहांपुर बॉर्डर पर चल रहे पड़ाव में पहुंचने की अपील की। यादव ने कहा कि किसान लंबे समय से बॉर्डर पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात ही नहीं सुनना चाहती। सभा को राजस्थान के माकपा नेता अमराराम ने भी संबोधित किया। गौरतलब है कि कि किसान नेता राकेश टिकैत इन दिनों कई राज्यों का दौरा कर किसान पंचायतें व सभाएं तक नए कृषि कानूनों के विरोध में आवाज बुलंद कर रहे हैं।