Ashok Gehlot Birthday: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत तीन मई को नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन, बताई वजह
Ashok Gehlot Birthday राजस्थान के सीएम अशोक ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के प्रकोप के कारण तीन मई (सोमवार) को हमने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय किया है। राजस्थान की जनता ने मुझे हमेशा ही भरपूर स्नेह और आशीर्वाद दिया है।
जयपुर, जेएनएन। Ashok Gehlot Birthday: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने रविवार को ट्वीट में लिखा कि देश-प्रदेश में कोविड-19 की बनी हुई परिस्थिति से हम सभी अवगत हैं। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के कारण पूरा प्रदेश मुश्किल दौर से गुजर रहा है। कोविड-19 वैश्विक महामारी के प्रकोप के कारण तीन मई (सोमवार) को हमने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय किया है। राजस्थान की जनता ने मुझे हमेशा ही भरपूर स्नेह और आशीर्वाद दिया है। यही मेरी पूंजी है। जिनके परिजन इस घातक कोरोना के शिकार हुए हैं मेरे पास शब्द नहीं हैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए, संकट की घड़ी में, मैं स्वयं व पूरी राज्य सरकार जनता के साथ खड़ी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस वैश्विक आपदा से निपटने में आगे भी सभी का सहयोग यूं ही मिलता रहेगा। सुजानगढ़ (चूरू) से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी मनोज मेघवाल जी के कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी मिली है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गौरतलब है कि अशोक गहलोत और उनकी पत्नी सुनीता गहलोत की कोरोना रिपोर्ट गत दिनों कोरोना पॉजिटिव आई थी।
गौरतलब है कि राजस्थान में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से फैल रही है। प्रदेश में 24 घंटे में 17,652 संक्रमित मिलने के साथ ही 160 लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में एक्टिव केसों की संख्या एक लाख 82 हजार 301 है। शनिवार को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर 11,676 लोगों को अस्पतालों से घर भेज दिया गया। अब तक कुल छह लाख 15 हजार 653 संक्रमित मिलने के साथ ही 4399 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा संक्रमित 3441 जयपुर जिले में मिले हैं। सबसे ज्यादा 54 मौत भी यहीं हुई है। पीड़ितों की बढ़ती संख्या के बीच बीकानेर जिला कलेक्टर ने आसपास के जिलों से कहा है कि वे अपने यहां के मरीजों को हमारे यहां नहीं भेजे। बीकानेर जिले के लोगों के लिए ही अब सुविधाएं कम पड़ने लगी है।
दरअसल, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर, चूरू आदि जिलों के साथ ही हरियाणा से बढ़ी संख्या में मरीज पिछले कुछ दिनों में बीकानेर पहुंचे हैं। भरतपुर में जिले सहित पास के उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं। इस कारण संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है। यहां प्रशासन ने मरीजों को तीन भागों में बांटा है। अब इन्हें कैटेगरी के हिसाब से अलग-अलग भर्ती किया जाएगा। रेड कैटेगरी में वे मरीज होंगे, जिनकी स्थिति ज्यादा खराब है। ब्लैक लेबल में वे होंगे, जिनकी हालात ज्यादा गंभीर नहीं है। ग्रीन कैटेगरी में वे होंगे, जिनकी स्थिति सही है। उधर, ऑक्सीजन की कमी को लेकर केंद्र सरकार ने प्रदेश का कोटा बढ़ाया है। अब राज्य को 100 मैट्रिक टन अतिरिक्त ऑक्सीजन मिलेगी। ये ऑक्सीजन पश्चिम बंगाल में बने सेल के प्लांट और ओडिसा में बने टाटा के प्लांट से आएगी।