राजस्थान के मुख्य सचिव की आइएएस पत्नी स्वाइन फ्लू की चपेट में
swine flu. राजस्थान के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता की पत्नी वीनू गुप्ता स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाई गई हैं।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को राज्य के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता की पत्नी वीनू गुप्ता स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाई गई। वीनू गुप्ता आइएएस अधिकारी हैं और पिछली सरकार में स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव रह चुकी हैं।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या 167 तक पहुंच गई है। पांच लोग (सभी जोधपुर) इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं। जोधपुर में अब तक 55 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं। आइएएस अधिकारी वीनू गुप्ता को चिकित्सकों ने घर पर आराम की सलाह दी है। फिलहाल उनकी हालत ठीक है। वीनू गुप्ता का मामला सामने आने के बाद उनके परिवार के अन्य सदस्यों की भी स्क्रीनिंग की गई है।
इस बीच, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्साकर्मियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने पर तत्काल संपर्क में आए समस्त व्यक्तियों और आसपास रहने वालों की स्क्रीनिंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से जुकाम, बुखार, खांसी जैसे लक्षण पाए जाने पर तत्काल निकटवर्ती चिकित्सा संस्थान में जाकर चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराने की अपील की है।