Move to Jagran APP

रामगढ़ में साफिया जुबेर खान की जीत से राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस का शतक

Ramgarh election result 2019. राजस्थान के रामगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने 12228 वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस के विधायकों की संख्या 99 से बढ़कर 100 हो गई है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 31 Jan 2019 12:42 PM (IST)Updated: Thu, 31 Jan 2019 03:55 PM (IST)
रामगढ़ में साफिया जुबेर खान की जीत से राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस का शतक
रामगढ़ में साफिया जुबेर खान की जीत से राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस का शतक

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी साफिया जुबेर खान चुनाव जीत गई हैं। साफिया खान ने भाजपा के सुखवंत सिंह को 12 हजार 228 मतों से हराया। बसपा के जगत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। रामगढ़ सीट पर कब्जा करने के साथ ही 200 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 99 से बढ़कर 100 हो गई है।

loksabha election banner

रामगढ़ सीट पर 28 जनवरी को हुए चुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। साफिया खान को कुल 83,311 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह को 71 हजार 83 वोट मिले और बसपा उम्मीदवार जगत सिंह को 24 हजार 856 वोट मिले हैं। मतगणना अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में 17 राउंड में मतगणना पूरी हुई। साफिया खान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान की पत्नी हैं।

जीत पर गहलोत और पायलट ने जताई खुशी
साफिया खान की जीत पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री एवं पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट ने खुशी जताई है। दोनों नेताओं ने कहा कि रामगढ़ की जनता ने पूरे प्रदेश के मतदाताओं को संदेश दे दिया है। कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। दोनों नेताओं ने रामगढ़ के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे।

उधर, चुनाव जीतने के बाद साफिया खान अपने समर्थकों के साथ अलवर में पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर भी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी, आतिशबाजी भी की गई।

अब यह रहेगा विधानसभा का गणित
प्रदेश की कुल 200 विधानसभा सीटों में 199 पर सात दिसंबर को मतदान हुआ था और 11 दिसंबर को नतीजों की घोषणा हुई थी। इनमें से 99 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे थे, जबकि भाजपा ने 73 सीटें जीती थी। कांग्रेस ने रालोद को एक सीट गठबंधन में दी थी। इस सीट पर जीते डॉ. सुभाष गर्ग को गहलोत सरकार ने मंत्री बनाया है। इस प्रकार रालोद के सहयोग से कांग्रेस बहुमत के आंकड़े तक पहुंची थी। रामगढ़ सीट पर चुनाव बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के बाद स्थगित कर दिया गया था, यहां 28 जनवरी को हुए मतदान में 79.04 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था और गुरुवार को परिणाम घोषित कर दिया गया। इस सीट पर कांग्रेस की जीत के बाद विधानसभा में पार्टी के 100 विधायक हो गए हैं। वर्तमान में बसपा के 6, राष्ट्रीय जनतांत्रिक पार्टी के 3, माकपा और ट्राइबल पार्टी के 2-2 और शेष 13 निर्दलीय विधायक हैं।

रामगढ़ की जीत के साथ ही राजस्थान विधानसभा में 200 सदस्यों का कोरम पूरा हो गया है। वहीं, कांग्रेस के भी विधायकों का आंकड़ा तीन अंकों में (100) पर आ गया है। अभी पार्टी सहयोगी दल के सदस्यों के समर्थन से सत्ता में है। इस परिणाम से कांग्रेस बहुमत के नजदीक पहुंच गई है।

उल्लेखनीय है कि सात दिसंबर को राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पूर्व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिेए गए थे। यहां दो महिलाओं सहित 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान थे।

बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस ने अलवर की पूर्व जिला प्रमुख साफिया जुबेर खान को और भाजपा ने पूर्व प्रधान सुखवंत सिंह को मैदान में उतारा था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.