Rajasthan Assembly Election 2023: भाजपा ने पोलिंग बूथ मैनेजमेंट व कांग्रेस को घेरने के लिए बनाई रणनीति
Rajasthan Assembly Election 2023 राजस्थान के सभी 1100 मंडलों में भाजपा ने एक साथ बैठक की। इन बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को लेकर चर्चा हुई। मतदाताओं से संपर्क कायम करने को लेकर रणनीति बनाई गई।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनाव से पहले भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को प्रदेश के सभी 1100 मंडलों में भाजपा ने एक साथ बैठक की। इन बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को लेकर चर्चा हुई। मतदाताओं से संपर्क कायम करने को लेकर रणनीति बनाई गई। पोलिंग बूथ मैनेजमेंट को लेकर कार्यकर्ताओं को रणनीति बताई गई। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने आमेर विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा डाबड़ी में बैठक ली। पूनिया ने कहा कि प्रदेश में 52 हजार पोलिंग बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की गई है। चुनाव जीतने में बूथ मैनेजमेंट आवश्यक है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा औसत 1.56 प्रतिशत वोट ज्यादा लेकर सत्ता में आई है। यदि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर भाजपा को तीन वोट अधिक मिल जाते तो राज्य में बीजेपी की सरकार होती। इस दौरान कांग्रेस को घेरने की भी रणनीति बनी।
कांग्रेस को घेरने की बनाई रणनीति
इस मौके पर सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एक-एक वोट चुनाव जीतने के लिए आवश्यक है। साल, 2018 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने वाली कांग्रेस को 40.64 प्रतिशत वोट मिले, वहीं भाजपा को 39.08 फीसदी वोट मिले थे। पूनिया के अतिरिक्त राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चन्द्र कटारिया, उप नेता राजेन्द्र राठौड़, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर और राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने भी रविवार को विभिन्न मंडलों की बैठक ली। सभी बैठकों में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के साथ ही राज्य की कांग्रेस सरकार की कमियों को जनता के बीच लेकर जाने पर का उल्लेख किया गया। प्रदेश में बिजली की दरें बढ़ाने, बेरोजगारी और किसान कर्जमाफी के मुद्दे पर सरकार को घेरने का निर्णय लिया गया। मिशन-2023 में जीत का संकल्प इन बैठकों में लिया गया। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है।