राजस्थान भाजपा ने सवा दो साल बाद विधानसभा में बनाया अपना सचेतक
प्रदेश भाजपा में चल रही खेमेबाजी के बीच वसुंधरा राजे समर्थक विधायक विधायक दल का सचेतक बनाए जाने को लेकर दबाव बना रहे थे। लेकिन विधायक दल के नेता गुलाब चंद कटारिया उप नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सचेतक बनाए जाने के पक्ष में नहीं थे।
जयपुर, जागरण संवाददाता। करीब सवा दो साल बाद राजस्थान भाजपा ने विधानसभा में अपना सचेतक बना दिया। वरिष्ठ विधायक जोगेश्वर गर्ग को सचेतक बनाया गया है। प्रदेश भाजपा में चल रही खेमेबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थक विधायक विधायक दल का सचेतक बनाए जाने को लेकर दबाव बना रहे थे। लेकिन विधायक दल के नेता गुलाब चंद कटारिया, उप नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सचेतक बनाए जाने के पक्ष में नहीं थे।
वसुंधरा ने खुद दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा और गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया सहित अन्य नेताओं से मिलकर यह मुद्दा उठाया था। उनके समर्थक विधायकों ने एक पत्र भी पार्टी नेतृत्व को लिखा था जिसमें प्रदेश के नेताओं द्वारा विधानसभा चुनाव संपन्न होने के सवा दो साल बाद भी सचेतक नहीं बनाने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कटारिया व राठौड़ पर सदन में पार्टी की तरफ से बोलने वाले विधायकों के मामले में पक्षपात करने का आरोप लगाया था। वसुंधरा खेमा अपने समर्थक किसी विधायक को सचेतक बनाए जाने के पक्ष में था, लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े चौथी बार विधायक बने जोगेश्वर गर्ग को इस पद पर बिठा दिया।
इस संबंध में कटारिया ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था। विधानसभा सचिवालय ने मंगलवार सुबह इस संबंध में बुलेटिन जारी कर दिया। उधर एक दिन पहले अपने जन्मदिन पर गोवर्धन परिक्रमा कर ताकत दिखाने वाली वसुंधरा अगले माह से कोटा संभाग का दौरा करने की तैयारी कर रही है। अगले सप्ताह में विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होने की संभावना है। इसके बाद वसुंधरा के अधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।