बैंक उप प्रबंधक पति के सुसाइड केस में पांच महीने बाद पत्नी गिरफ्तार, जेल भेजा
पांच महीने पहले बैंक उप प्रबंधक पद पर सेवारत विवाहित व्यक्ति के आत्महत्या किए जाने के पांच महीने बाद उदयपुर शहर पुलिस ने सोमवार को उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ शहर के प्रतापनगर थाने में आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने के मामले में जांच जारी थी।
उदयपुर, संवाद सूत्र। पांच महीने पहले बैंक उप प्रबंधक पद पर सेवारत विवाहित व्यक्ति के आत्महत्या किए जाने के पांच महीने बाद उदयपुर शहर पुलिस ने सोमवार को उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ शहर के प्रतापनगर थाने में आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने के मामले में जांच जारी थी। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पहाड़ा निवासी इलाहाबाद बैंक के डिप्टी मैनेजर तरूण पुत्र पन्नालाल सालवी ने 11 अगस्त 2021 को विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी थी। जिसको लेकर उसके पिता पन्नालाल ने प्रतापनगर थाने में अपनी पुत्रवधू काजल उर्फ काजोल परमार के खिलाफ उनके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने का मामला दर्ज कराया था। जिसकी जांच पिछले पांच महीने से जारी थी।
प्रतापनगर थाना अधिकारी हिमान्शु सिंह ने बताया कि तरूण सालवी की काजल उर्फ काजोल परमार से साल 2016 में शादी हुई थी। जिसके बाद उनके बीच अनबन होने लगी। शादी के चार महीने बाद काजल उर्फ काजोल ने ससुराल छोड़ दिया और पीहर में रहकर नौकरी करने लगी। इस बीच दोनों तलाक के लिए एक—दूसरे पर जोर देने लगे और इस बात को लेकर उनके बीच कई बार झगड़ा भी हुआ। काजल उर्फ काजोल ने अपने भाई सुशील परमार से तरूण सालवी से बीस लाख रुपए मांगे।
तरूण ने जब पैसे देने से इंकार कर दिया तो वह उसे लगातार धमकी देते रहे। जब उन्हें पैसे मिलने की संभावना खत्म हो गई तो काजल उर्फ काजोल ने अपने पति तरूण सालवी के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ना का मामला दर्ज करा दिया था।
जिसके बाद तरूण सदमे में आ गया और उसने सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा से घबराकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। जिसका उसने सुसाइड नोट में भी हवाला दिया था। मामले की जांच पूरी करने के बाद प्रतापनगर थाना पुलिस ने सोमवार को काजल उर्फ काजोल परमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे अदालत में पेश कर दिया। न्यायालय के निर्देश पर उसे जेल भेज दिया गया।