Rajasthan: पीएम मोदी ने जैसलमेर के पूर्व महारावल बृजराज सिंह के निधन पर जताया दुख
Rajasthan देश के प्रधानमंत्री मोदी ने स्वर्गीय महारावल के निधन पर दुख जताया है। पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने जैसलमेर जिले की परंपरा और संस्कृति को सहेजने और उसे आगे बढ़ाने में पूर्व महारावल स्वर्गीय बृजराज सिंह द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को अभूतपूर्व बताया है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Rajasthan: राजस्थान में जैसलमेर रियासत के पूर्व महारावल स्वर्गीय बृजराज सिंह के निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। नरेंद्र मोदी ने दिवंगत महारावल के पुत्र युवराज कुमार चैतन्य राज सिंह को पत्र लिख कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। पीएम मोदी ने जैसलमेर के पूर्व महारावल के निधन पर दुख जताया है। जैसलमेर रियासत के पूर्व महारावल बृजराज सिंह का 28 दिसंबर, 2020 को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। देश और राजस्थान की पश्चिमी शरद से सटे जैसलमेर राज परिवार के महारावल रहे बृजराज सिंह का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। निधन के समाचार मिलने के बाद जैसलमेर ही नहीं मारवाड़ में शोक की लहर फेल गई थी।
पूर्व महारावल के निधन पर देश व प्रदेश की कई बड़ी हस्तियों ने शोक संवेदना व्यक्त की। देश के प्रधानमंत्री मोदी ने स्वर्गीय महारावल के निधन पर दुख जताया है। पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने जैसलमेर जिले की परंपरा और संस्कृति को सहेजने और उसे आगे बढ़ाने में पूर्व महारावल स्वर्गीय बृजराज सिंह द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को अभूतपूर्व बताया है। पीएम मोदी ने पूर्व महारावल के स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व को प्रभावित करने वाला बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने व परिजनों और शुभचिंतकों को यह व्रजपात सहन करने की शक्ति देने के लिए भगवान से प्रार्थना भी की है।
बृजराज सिंह जैसलमेर रियासत के 42वें महारावल थे। लीवर की बीमारी के चलते उन्हें पहले जोधपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया था। जहां लीवर ट्रांसप्लांट करवाने की सलाह के बाद उन्हें एअरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 28 दिसंबर को उनका निधन हो गया था। दिवंगत पूर्व महारावल का अंतिम संस्कार जैसलमेर में किया गया, जहां लाखों लोगों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इससे पहले निधन के समाचार पर पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र में रहने वाले राजपूत परिवारों सहित भुट्टो परिवार ने भी निधन पर शोक व्यक्त किया था। वहीं, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, सांसद दीया कुमारी, विधानसभा प्रतिपक्ष नेता राजेंन्द्र सिंह राठौड़, प्रताप सिंह खाचरियावास, कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद, मानवेंद्र सिंह जसोल, जोधपुर महाराजा गजसिंह, समेत देश की कई पूर्व रियासतों से जुड़े राजपरिवारों से जुड़े लोगों ने भी शोक संवेदना प्रकट की।