Rajasthan: हमारी संस्कृति व संस्कार में ही है लोकतंत्रः ओम बिरला
Rajasthan ओम बिरला ने हमारा लोकतंत्र वैदिक काल से है। हमारी संस्कृति व संस्कार में ही लोकतंत्र है। उन्होंने ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच की अवधारणा को बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था हमारे संस्कार में है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और उनको जवाबदेही बनाए जारे पर जोर देते हुए कहा कि हमारा लोकतंत्र वैदिक काल से है। हमारी संस्कृति व संस्कार में ही लोकतंत्र है। उन्होंने ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच की अवधारणा को बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था हमारे संस्कार में है। टोंक स्थित कृषि केंद्र ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में बिरला ने कहा कि पहले हम देखते थे कि 40-50 दिन तक लोकसभा नहीं चलती थी। हमने कहा, संसद चलनी चाहिए। इसके लिए सभी चर्चा की गई, अब देर रात तक संसद चलती है। उन्होंने संवाद व चर्चाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानीय निकाय व पंचायती राज की प्रत्येक संस्था को मजबूत करना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। सभी की जवाबदेही तय होनी चााहिए।
बिरला ने कहा कि सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में काम करने वाले कार्यकर्ता की यह चाहत होती है कि वह अपने देश के लिए कुछ करे, उसका योगदान दे। उन्होंने कोरोना जैसी महामारी के सामूहिक प्रयासों से किए गए मुकाबले की सराहना करते हुए कहा कि यही वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को प्रतिपादित करती है। हमारा संविधान बना तो उसमें आम आदमी को केंद्र में रखा गया। कई देशों में रातों-रात तख्ता पलट सहित कई गतिविधियां होती है, लेकिन हमारे संविधान की ताकत है कि 17 लोकसभा ओर 300 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। पहले चुनाव से अब तक मत प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं ओर आकांक्षाओं को पूरा किया जाना चाहिए। इस मौके पर टोंक के सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, विधायक कन्हैयालाल चौधरी सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जनवरी, 2021 में अपने परिवार सहित राजस्थान के नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी के मंदिर में राजभोग झांकी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने राजभाग का प्रसाद भी चढ़ाया। बिरला ने अपनी बेटी अंजलि के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस)में चयन होने पर भगवान श्रीनाथ जी के मंदिर में दर्शन किए। अंजलि के आइएएस में चयन होने पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने ओम बिरला से श्रीनाथ जी के मंदिर में माथा टेकने का आग्रह किया था। बिरला के साथ जोशी भी मंदिर में पहुंचे।