Murder In Pali: महिला की नृशंस हत्या, दुष्कर्म की आशंका
Murder In Pali राजस्थान के पाली में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जयपुर, जेएनएन। Murder In Pali: राजस्थान के पाली जिले के देसुरी में एक महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसी ने इस महिला की गला रेतकर हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया है। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। शव को देसूरी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला का खून से लथपथ शव देसूरी इलाके के नारलाई गांव के जंगल में पड़ा मिला। महिला का गला रेता होने के साथ ही उसके शरीर पर धारदार हथियार से करीब 10 जगह वार किए गए हैं।
महिला की पहचान नारलाई निवासी गवरा पुत्री भभूताराम के रूप में की गई है।
प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि गवरा की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। पति से अनबन के चलते वह गत छह माह से अपने पीहर में ही थी। गवरा गत दो दिनों से लापता थी। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को देसूरी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से महिला की हत्या की है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस ने एक टीम का गठन किया है।
वहीं, राजस्थान के करौली शहर में एक ढाबे पर थूकने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि फायरिंग हो गई और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ढाबे का वेटर था वहीं ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल ढाबा संचालक नमो नारायण कलेक्ट्रेट के पास पुराने ट्रक यूनियन चैराहे पर दम आलू टिक्कर का ढाबा चलाता है। दुकान पर ही उसका रिश्तेदार सौरभ वेटर और कैटरिंग का कार्य करता था। गुरुवार रात को दो बदमाश दुकान पर आए और इनमें से एक ने दुकान के अंदर थूक दिया। इस पर होटल संचालक ने विरोध किया तो इनके बीच विवाद हो गया। ये दोनों उस समय तो वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने कुछ अन्य साथियों को लेकर वापस ढाबे पर आए और हाथापाई करते हुए फायरिंग कर दी।
फायरिंग में खाना खा रहे सायपुर निवासी सौरभ चतुर्वेदी के सीने में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं होटल संचालक नमो नारायण गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने घायल नमो नारायण और सौरभ को चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सौरभ को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल नमो नारायण का इलाज जारी है। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस इन्हें ढूंढने का प्रयास कर रही है।