राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, माउंट आबू में दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा
Rajasthan Weather जयपुर में रात का तापमान दो डिग्री नीचे आ गया। कोटा सवाई माधोपुर बूंदी शहर में भी तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। सबसे कम तापमान प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जागरण संवाददाता, जयपुर। उत्तरी सर्द हवाएं चलने के साथ ही राजस्थान में सर्दी जोर पकड़ती जा रही है। पिछले दो दिन से सर्दी का प्रकोप बढ़ा है। शेखावाटी के सीकर जिले में तो तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। वहीं, चूरू, झुंझुनूं और सिरोही के माउंट आबू में भी रात बेहद ठंडी रही। मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछली रात प्रदेश के सभी शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। जयपुर में रात का तापमान दो डिग्री नीचे आ गया। कोटा, सवाई माधोपुर, बूंदी शहर में भी तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। सबसे कम तापमान प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में आगामी चार दिन मौसम साफ रहेगा और तापमान में गिरावट होगी।
इसके पीछे कारण उत्तरी भारत के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और वहां से चल रही उत्तरी सर्द हवाएं हैं। जयपुर 13.2, अजमेर 13.6, भीलवाड़ा 11.5, अलवर 12.8, सीकर 6, कोटा 14.3, सवाई माधोपुर 14.3, बूंदी 14.6, उदयपुर 13.6, बाड़मेर 13.8, जैसलमेर 11, जोधपुर 11.9, बीकानेर 10, चूरू 5.7, पिलानी 7.1 और श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।
गौरतलब है कि दिल्ली में 19 नवंबर की सुबह इस सीजन की ही नहीं, छह वर्षों में सबसे ठंडी दर्ज की गई। 2015 से अभी तक इतनी ठंडी सुबह नहीं रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, सप्ताह के अंत तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 2015 से लेकर अभी तक 19 नवंबर की तारीख का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है।