माता-पिता के सामने बेटी को जबड़े में दबाकर ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने बचाया, अब अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष
जावरमाइंस क्षेत्र के नेवातलाई गांव का सुरेश कुमार अपनी पत्नी के साथ खेत में काम कर रहे थे। पास ही उनकी पांच साल की बेटी हसीना खेल रही थी। अचानक एक तेंदुआ आया और हसीना को जबड़े में फंसाकर ले गया।
उदयपुर, संवाद सूत्र। जिले के जावरमाइंस क्षेत्र में तेंदुए का आतंक जारी है। जहां पिछले दिनों इसी क्षेत्र से एक तेंदुए ने विक्षिप्त महिला का शिकार कर लिया, वहीं इसी क्षेत्र के नेवातलाई गांव में खेत में खेल रही पांच वर्षीया बालिका को पैंथर उनके माता—पिता के सामने जबड़े में दबाकर ले गया। उनकी चीख—पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया तो वह बालिका को छोड़कर भाग निकला। ग्रामीण घायल बालिका को जावरमाइंस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर के एमबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और जिंदगी के लिए उसका संघर्ष जारी है।
किसान मक्की के लिए खेतों को तैयार करने में जुटे
मिली जानकारी के अनुसार जावरमाइंस क्षेत्र के नेवातलाई गांव का सुरेश कुमार अपनी पत्नी के साथ खेत में काम कर रहे थे। पास ही उनकी पांच साल की बेटी हसीना खेल रही थी। अचानक एक तेंदुआ आया और हसीना को जबड़े में फंसाकर ले गया। तेंदुए के मुंह में अपनी बेटी को देख दोनों माता—पिता की चीख निकली तो आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों की नजर पड़ी। उदयपुर जिले में पिछले सप्ताह से हर दूसरे दिन बारिश के चलते किसान मक्की की फसल के लिए खेतों को तैयार करने में जुटे हैं।
पांच सौ मीटर की दूरी पर तेंदुआ बालिका छोड़कर भागा
सुरेश और उसकी पत्नी की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े और उन्होंने तेंदुए का पीछा किया। लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर तेंदुआ बालिका को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने देखा बालिका की सांसें चल रही थी तो वह लहूलुहान बालिका को तुरंत जावरमाइंस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। एमबी अस्पताल में उसका उपचार जारी है हालांकि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
तेंदुआ को पकड़ने के लिए दो जगह पिंजरे भी लगवाए
उधर, नेवातलाई के सरपंच किशनलाल का कहना है कि ग्रामीण तेंदुए के हमले से बेहद खौफ में हैं। पिछले दिनों एक महिला का शिकार कर लिया और अब बालिका पर हमला। ऐसे में लोग अब दिन में निकलने से घबराने लगे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा तेंदुआ को पकड़ने के लिए दो जगह पिंजरे भी लगवाए गए हैं।
महिला का शिकार करने वाला तेंदुआ नरभक्षी घोषित
वन विभाग ने जावरमाइंस क्षेत्र के सिंघटवाड़ा गांव में महिला का शिकार करने वाले तेंदुआ को नरभक्षी घोषित कर दिया है। इसके लिए उदयपुर वन विभाग ने मुख्यालय को प्रस्ताव बनाकर भेजा था ताकि नरभक्षी तेंदुए का शिकार किया जा सके। पूर्व में भी एक तेंदुए के नरभक्षी होने पर जयपुर से आई वन विभाग की टीम को उसका शिकार करना पड़ा।