Rajasthan Election: राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा को झटका, कांग्रेस ने मारी बाजी
Rajasthan वसुंधरा राजे के सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह के लोकसभा क्षेत्र के बारां जिले में भाजपा बहुमत में होते हुए भी अपना जिला प्रमुख बना सकी। बारां जिले में अशोक गहलोत सरकार में खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जिला प्रमुख बनी है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के चार जिलों में जिला प्रमुख पद के लिए संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस दो और भाजपा एक जिले में अपना प्रमुख बना सकी। दो जिलों में बहुमत होने के बावजूद भाजपा एक ही जगह जिला प्रमुख बना सकी, जबकि कांग्रेस का दो जिलों में बहुमत था, लेकिन जोड़तोड़ से तीन जिला प्रमुख बना लिए। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह के लोकसभा क्षेत्र के बारां जिले में भाजपा बहुमत में होते हुए भी अपना जिला प्रमुख बना सकी। बारां जिले में अशोक गहलोत सरकार में खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जिला प्रमुख बनी है। यहां भाजपा खेमे में क्रास वोटिंग हुई। बारां में 25 जिला परिषद के सदस्यों में से कांग्रेस के 12 और भाजपा के 13 निर्वाचित हुए थे, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा खेमे के एक सदस्य ने क्रास वोटिंग करते हुए उर्मिला के पक्ष में मतदान किया। क्रास वोटिंग से भाजपा में आंतरिक गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। यहां दुष्यंत सिंह के समर्थक और उनके विरोधी लम्बे समय से एक-दूसरे के विरोध में सक्रिय थे।
कोटा में भाजपा की जीत
उधर, कोटा में राज्य सरकार के संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल भाजपा खेमे में सेंध नहीं लगा सके। कोटा में भाजपा के मुकेश मेघवाल जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस की गीता मेघवाल को हराया है। कोटा जिला परिषद में 23 वार्ड में से 13 पर भाजपा और 10 में कांग्रेस सदस्य निर्वाचित हुए थे । ऐसे में यहां भाजपा का जिला प्रमुख बन गया। इसी तरह श्रीगंगानगर जिले कांग्रेस के कुलदीप इंदौरा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। इंदौरा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव है। श्रीगंगानगर में 31 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस के 25 प्रतिनिधि जीते थे।भाजपा को मात्र छह स्थानों पर ही जीत मिली। माना जा रहा है कि पंजाब से सटे श्रीगंगानगर में किसान आंदोलन के कारण भाजपा को नुकसान हुआ है। करौली में कांग्रेस की शिमला देवी पहले ही निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई थी। 30 पंचायत समितियों के प्रधान के चुनाव में 19 में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई। वहीं, शेष 11 में भाजपा को बहुमत मिला है। उल्लेखनीय है कि मतदान मंगलवार को संपन्न हुआ था और बृहस्पतिवार को मतगणना हुई है।
दुष्यंत के कार्यालय पर पथराव
बारां के जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी शिवांगी सिकरवार की हार के बाद बृहस्पतिवार देर शाम को कुछ लोगों ने सांसद दुष्यंत सिंह के कार्यलय पर पथराव किया। सांसद के कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए करीब एक दर्जन लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। हंगामा करने वालों का आरोप था कि सांसद समर्थक एक जिला परिषद सदस्य ने क्रास वोटिंग की है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नारेबाजी करने वालों को खदेड़ा।
कांग्रेस ने खुशी जताई
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के चुनाव में भाजपा के मुकाबले आगे रहने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव में पार्टी को मिली सफलता से उत्साहित होकर कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की सेवा करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि चुनाव परिणाम की समीक्षा की जा रही है।