तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में जाएंगे राजस्थान के कांग्रेसी, केरल दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री गहलोत
Rajasthan Congress Crisis पश्चिम बंगालकेरल और असम विधानसभा चुनाव अभियान में राजस्थान कांग्रेस के नेता कमान संभालेंगे । कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को केरल विधानसभा चुनाव अभियान का प्रभारी बनाया है ।
जयपुर, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल,केरल और असम विधानसभा चुनाव अभियान में राजस्थान कांग्रेस के नेता कमान संभालेंगे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को केरल विधानसभा चुनाव अभियान का प्रभारी बनाया है। केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए गहलोत 22 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर तिरूअनंतपुरम जाएंगे।
अपने दौरे के दौरान गहलोत प्रत्याशी चयन,चुनाव प्रचार-अभियान और विरोधी दलों से मुकाबला करने को लेकर केरल के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति बनाएंगे। चुनाव आयोग ने अब तक विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित नहीं की, लेकिन कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। केरल में चुनाव अभियान के दौरान गहलोत के निर्देशन में काम करने के लिए राजस्थान के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। केरल के चुनाव अभियान को लेकर पिछले दिनों जयपुर में गहलोत की कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी.वेणुगोपाल के साथ लंबी चर्चा हुई थी।
वहीं, पश्चिम बंगाल व असम विधानसभा चुनाव में राजस्थान के दो दर्जन से अधिक मंत्रियों, विधायकों व पूर्व सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। दरअसल, इन दोनों राज्यों में राजस्थान के बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, नागौर व जयपुर जिलों के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। ये लोग इन दोनों राज्यों में व्यापार के सिलसिले में यहां से गए और फिर वहीं स्थाई रूप से रहने लगे हैं। सबसे अधिक राजस्थानी कलकत्ता में रहते हैं।
जानकारी के अनुसार गहलोत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इन राज्यों में भेजे जाने वाले पार्टी नेताओं की सूची तैयार की है। यह सूची पार्टी आलाकमान को भेजी जाएगी। उधर, भाजपा ने भी पश्चिम बंगाल व आसाम भेजे जाने वाले नेताओं की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर सूची तैयार करने में जुटे हैं।