International Yoga Day : रिया के रिकार्ड को तोड़ उदयपुर के आठ साल के बालक ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व संभाग के आठ वर्षीय बालक ने शनिवार को योग में वर्ल्ड रिकार्ड कायम करने में सफलता हासिल की।
सुभाष शर्मा, उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व संभाग के आठ वर्षीय बालक ने शनिवार को योग में वर्ल्ड रिकार्ड कायम करने में सफलता हासिल की। निम्बाहेड़ा के बालक अर्हम जेतावत ने एक मिनट में 25 बार निर्मलम्बा पूर्ण चक्रासन योग कर चैम्पियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराया। जो पिछले वर्ल्ड रिकार्ड से चार बार अधिक है। अर्हम ने यह कीर्तिमान चेन्नई की 13 वर्षीया रिया के रिकार्ड को तोडक़र बनाया, जिसने एक मिनट में 21 बार निर्मलम्बा पूर्ण चक्रासन किए थे। बताया गया कि निम्बाहेड़ा के व्यापारी विमल जेतावत का आठ वर्षीय बेटा अर्हम पिछले चार
साल से योग कर रहा है। वह योग गुरु बाबा रामदेव से प्रेरित होकर योग करने लगा। उसने पहली बार एक जून को एक मिनट में 25 बार निर्मलम्बा पूर्ण चक्रासन योग किए। जिसके बाद वह अभ्यास में जुटा रहा। इसे वल्र्ड रिकार्ड बुक में दर्ज कराने के लिए चैम्पियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड संस्था से संपर्क किया। जिसके बाद उसने संस्था के प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को योग का प्रदर्शन कर रिकार्ड कायम किया। इससे पहले जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा भी उसे योग के लिए सम्मानित कर चुके हैं। रिकार्ड बनाने पर अर्हम ने कहा कि वह बेहद खुश है। उसका लक्ष्य योग को सम्पूर्ण विश्व में फैलाने का है।
बाबा रामदेव के साथ कर चुका है योग का प्रदर्शन
अर्हम बाबा रामदेव को अपना गुरु मानता है तथा वह उनके साथ भी मंच पर योग का प्रदर्शन कर चुका है। अर्हम के विश्व रिकार्ड बनाए जाने का प्रमाण पत्र देने के दौरान जिला कलेक्टर चेतनराम देवड़ा, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुकेश कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह आदि मौजूद थे। इससे पहले वह एक मिनट में 27 बार निरालम्बासन करके अपने ही विश्व रिकार्ड को तोड़ चुका है।
साढ़े चार साल की उम्र में की शुरुआत
अर्हम महज साढ़े चार साल की उम्र से योगासन कर रहा है। उसके गुरु विक्रमआंजना भारत स्वाभिमान से जुड़े हुए हैं तथा निम्बाहेड़ा के एक पार्क में योग सिखाते थे। जहां अर्हम के पिता विमल जेतावत अपनी पत्नी के साथ योग सीखने जाते थे। तब बालक अर्हम भी उनके साथ योग करने लगा। योग को लेकर अर्हम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुका है।